May 19, 2024

पति ने बाजार जाने से मना किया तो पीया जहर:पीहर जाने से पहले राखी खरीदना चाहती थी विवाहिता, 11 महीने की बच्ची को बारिश में ले जाने से पति ने रोका तो दी जान
बांसवाड़ा। पीहर जाने से पहले राखी और कपड़े खरीदने के लिए तैयार विवाहिता को पति की बाजार जाने से रोकने वाली दलीलें बर्दाश्त नहीं हुई। बारिश में 11 महीने की बच्ची को बाइक पर साथ ले जाने से पति ने मना किया। अकेले खरीदारी करने जाने की बात कही। इस बात से खफा विवाहिता ने घर में कपास में छिड़कने वाली दवा पी ली। शनिवार रात को उसे महात्मा गांधी राजकीय चिकित्सालय रैफर किया, जहां उसकी मौत हो गई। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद युवती के पिता और भाई उसके शव को लेकर पीहर पहुंचे। रक्षाबंधन पर खुशियों का त्योहार मातम में बदल गया। पीहर पक्ष की शिकायत के बाद देर रात मामला दर्ज करवाया गया। पीहर पक्ष की रिपोर्ट पर पति के खिलाफ दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करना, आत्महत्या के लिए प्रेरित करना जैसी धाराओं में मामला दर्ज कराया है। अब मामले की जांच डिप्टी एसपी करेंगे।

बस इतनी सी बात
दानपुर थानाधिकारी रमेशचंद मीणा ने बताया कि कटूम्बी निवासी मनोज चरपोटा का तीन साल पहले नांदिया निवासी पायल (22) से विवाह हुआ था। दोनों की 11 महीने की बच्ची है। मनोज की मध्यप्रदेश के समीपवर्ती गांव में किराने की दुकान है। त्यौहार पर वह घर आया था। मनोज ने बताया कि पत्नी पायल पीहर पर गांव जाने को तैयार थी। इसके लिए राखी और कपड़े खरीदने थे, लेकिन छोटी सरवन स्थित बाजार जाने से पहले बारिश होने लगी। इस पर मनोज ने अकेले ही खरीदारी कर घर लौटने की बात कही। उसने कहा कि बारिश में बच्ची भीग जाएगी। पहले भी उसकी तबीयत खराब हुई थी। पति के इस जवाब से खफा पायल ने भीतर जाकर जहर पी लिया। मनोज और परिवार में एक मात्र बुजुर्ग सास ने पायल को छोटी सरवन सीएचसी पहुंचाया। वहां से उसे बांसवाड़ा रेफर किया गया। ऐसे में दो भाइयों को बहन राखी बांधने तो नहीं पहुंच सकी। पीहर के परिजन राखी के दिन उसका शव घर लेकर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में पीहर पक्ष ने विवाहिता के शव को उसके पति को सौंपने से इनकार किया।

पीहर के लोगों ने उल्टा समझ लिया
पुलिस की मानें तो रविवार दोपहर को विवाहिता की मौत हो गई थी। तभी शव को मोर्च्युरी शिफ्ट करने से पहले नर्सिंग स्टाफ ने शव से गहने उतारने की बात कही। यह सुन पति मनोज शव से गहने उतारने लगा। तभी पीहर पक्ष के लोग वहां पहुंच गए। मनोज को गहने उतारता देख पीहर पक्ष के लोगों ने उल्टा समझ लिया। वह कहने लगे कि मरने से पहले ही गहने उतारने लगा है। इस बात को लेकर हॉस्पिटल में देानों पक्षों के बीच लंबा विवाद चला। तभी पुलिस पहुंची और मामला शांत कराया। विवाहिता के साथ उसके पीहरवाले ही गहने भी ले गए।