May 19, 2024

बारात नहीं पहुंची तो दूल्हे पर रेप का केस कराया : शादी से पहले घर से भागा दूल्हा प्रेमिका के साथ पकड़ा गया; दुल्हन बोली- मुझसे भी संबंध बनाए

झुंझुनूं। बारात नहीं पहुंची तो दुल्हन ने दूल्हे पर दुष्कर्म का केस दर्ज करा दिया। असल में दूल्हा बारात रवाना होने से ठीक पहले घर से भाग गया। बाद में वह अपनी प्रेमिका के साथ पकड़ा गया। मामला झुंझुनूं के सूरजगढ़ थाना इलाके का है। दूल्हे के गायब होने पर परिजनों ने सूरजगढ़ थाने में रिपोर्ट कराई थी। इसके बाद पुलिस ने उसे उसकी प्रेमिका के साथ पकड़ लिया। वहीं, जब बारात दुल्हन के गांव धिंगड़िया में नहीं पहुंची और दूल्हे के भाग जाने की जानकारी मिली तो उसने केस दर्ज कराया।
सूरजगढ थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि मैदाराम की ढाणी निवासी रविकुमार की बुधवार को शादी थी। उसकी बारात यहां से करीब दस किमी दूर धिंगड़िया गांव जानी थी। घर में इसकी तैयारियां चल रही थीं। इससे पहले मंगलवार रात को रवि के बड़े भाई नवीन की शादी हुई थी। बुधवार सवेरे नवीन की बारात गांव लौटी थी। नवीन की बारात लौटने के कुछ देर बाद ही रवि बाइक लेकर घर से निकल गया। उसे जाते देख उसके मामा सत्यवान ने पूछा कि वह कहां जा रहा है, लेकिन वह नहीं रुका। कुछ देर तक तो घरवालों को कुछ पता नहीं चला मगर बाद में थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया।

दुल्हन ने धोखाधड़ी और दुष्कर्म की रिपोर्ट कराई
वहीं, दूसरी तरफ दुल्हन के घर दूल्हे के स्वागत की तैयारियां की जा चुकी थी। वधू पक्ष के लोग बारात का इंतजार कर रहे थे। देर शाम तक बारात के नहीं पहुंचने पर दुल्हन पक्ष के लोगों ने रवि कुमार के घरवालों को फोन किया, लेकिन उन्हें ज्यादा जानकारी नहीं मिली। आखिरकार बाद में जानकारी जुटाने पर पता चला कि दूल्हा ही गायब है। बारात रवाना ही नहीं हुई है। इसके बाद दुल्हन ने रविकुमार के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दी। इसमें उस पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप लगाए गए। दुल्हन ने रिपोर्ट में बताया कि दोनों सगाई के बाद मिलते-जुलते थे। इस दौरान युवक ने शारीरिक संबंध बनाए। टीका 29 नवंबर को हो चुका था, अब शादी होनी थी।

गांव की लड़की से है अफेयर
थानाधिकारी ने बताया कि फरार दूल्हे को उसकी प्रेमिका के साथ ही देर रात नीमकाथाना से पकड़ लिया है। पुलिस पूछताछ में दूल्हे ने बताया कि वह गांव की ही एक लड़की से प्रेम करता है। घरवालों ने जबरदस्ती शादी तय कर दी, इसलिए ये कदम उठाना पड़ा। परिवार में दो भाई हैं, जिनकी एक साथ शादी तय की गई थी। इनके पिता का 5-6 साल पूर्व निधन हो चुका है।​​​​​​​ दूल्हा रवि आईटीआई किया हुआ है। अभी नौकरी की तैयारी कर रहा है। वहीं, दुल्हन कॉलेज के फाइनल में पढ़ रही है।