May 21, 2024

राजस्थान में सरकार बनाने का ‘मिशन’,सितंबर महीना तय करेगा भाजपा का भाग्य, ये है बड़ी वजह
जयपुर। प्रदेश की सत्ता में लौटने के ‘मिशन’ में जुटी भाजपा के लिए सितंबर महीना सबसे ज़्यादा हलचलों भरा रहने वाला है। दरअसल, इस पूरे महीने में पार्टी चार बड़ी ‘परिवर्तन यात्रा’ के ज़रिए सभी 200 सीटों तक पहुंच बनाने की कवायद में रहेगी। गर्माहट बढ़ने का एक कारण ये भी रहेगा कि इन परिवर्तन यात्राओं को फ्लैग ऑफ़ करने के अलग-अलग कार्यक्रमों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क-परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सरीखे नेताओं की मौजूदगी रहेगी।
केंद्रीय टीम कर रही मॉनिटरिंग
राजस्थान में विधानसभा चुनाव की हलचलों के बीच प्रदेश भाजपा की हर छोटी-बड़ी गतिविधियों पर केंद्रीय संगठन की ख़ास नज़र है। परिवर्तन यात्राओं में केंद्रीय स्तर के नेताओं की भागीदारी होने के कारण केंद्रीय टीम प्रदेश स्तर पर हो रही तमाम तैयारियों की मॉनिटरिंग कर रही है।
चार यात्राओं के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष के अलावा तीन केंद्रीय मंत्रियों के नामों के ऐलान के बाद भी समय-समय पर अन्य केंद्रीय स्तर के नेताओं को भी इन यात्राओं में भेजे जाने का शेड्यूल तैयार किया जा रहा है।
ये टीमें भी मुस्तैद
परिवर्तन यात्राओं के प्रबंधन को लेकर प्रदेश नेतृत्व ने प्रदेश स्तरीय यात्रा टोली का गठन किया है। यह टोली यात्राओं में होने वाली स्वागत सभा प्रचार प्रसार, मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी, यातायात व अन्य व्यवस्थाओं का जिम्मा संभाल रही है। इसी तरह से जिलों में भी अलग से यात्रा प्रबंधन टीम बनाई गई है।
सीनियर नेताओं ने संभाला मोर्चा
प्रदेश भाजपा का पूरा फोकस अब चारों परिवर्तन यात्राओं को ना सिर्फ सफल और ऐतिहासिक बनाने का है बल्कि इन यात्राओं को भुनाकर सत्ता की चाबी हासिल करने का भी है। यही कारण है कि प्रदेश नेतृत्व ने इन यात्राओं की तैयारियों से लेकर चाक-चौबंद व्यवस्थाएं करने तक का ज़िम्मा सीनियर नेताओं को सौंपा हुआ है।इधर, प्रदेश नेतृत्व से ज़िम्मेदारी और निर्देश मिलने के बाद सभी वरिष्ठ नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया है। जयपुर से गए ये नेता स्थानीय नेताओं के साथ मिलकर तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं।
चार परिवर्तन यात्राएं- ये है शेड्यूल
2 सितंबर से परिवर्तन यात्राएं शुरू होंगी। चार अलग-अलग स्थानों और दिशाओं से सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों तक ये यात्राएं पहुंचेंगी। इस दौरान साढे आठ हजार किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय किया जाएगा। इन यात्राओं में किसान चौपाल, युवा मोटरसाइकिल रैली, महिलाओं की बैठक और दलित चौपालें भी आयोजित होंगी।
– 2 सितंबर – त्रिनेत्र गणेश मंदिर रणथंभौर सवाई माधोपुर से – राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा – पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे
– 3 सितंबर – बेणेश्वर धाम डूंगरपुर से – केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह – प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी
– 4 सितंबर – रामदेवरा जैसलमेर से — केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह – केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत
– 5 सितंबर – गोगामेड़ी हनुमानगढ़ से – केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी – उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया
जयपुर में समापन, मोदी आएंगे
भाजपा के चारों दिशाओं से शुरू होने वाली इस यात्रा का समापन जयपुर के धानक्या में 25 सितंबर को होगी। इन यात्राओं के समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आएंगे और सभा को संबोधित करेंगे।