May 19, 2024

अस्पताल में डॉक्टर बनकर युवती से छेड़छाड़ : चेकअप के बहाने की अश्लील हरकत, चिल्लाने पर वार्ड से भागते समय पकड़ा

जयपुर। जयपुर के SMS हॉस्पिटल में युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। वार्ड में भर्ती युवती के पास डॉक्टर बनकर आए आरोपी ने चेकअप के बहाने अश्लील हरकत की। युवती के चिल्लाने पर वार्ड से भागते समय गार्ड ने आरोपी को पकड़ लिया। SMS हॉस्पिटल थाना पुलिस ने शिकायत पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया। पुलिस ने डॉक्टर बताकर छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को शनिवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया।
SHO नवरतन धोलिया ने बताया- दौसा निवासी एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उसकी 20 साल की बेटी के साथ वार्ड में छेड़छाड़ हुई है। बीमारी के चलते 5 अप्रैल को बेटी को इलाज के लिए SMS हॉस्पिटल में भर्ती करवाया था। हॉस्पिटल के NFSW (न्यूरो सर्जरी फीमेल वार्ड) में बेटी का इलाज चल रहा है। 7 अप्रैल की दोपहर वह दवाई लेने के लिए नीचे गया था। इस दौरान वार्ड में एक व्यक्ति आया। खुद को डॉक्टर बताकर बीमारी के लिए पूछा। चेकअप के बहाने वह बेटी से छेड़छाड़ करने लगा।

आरोपी के पीछे दौड़ी युवती
शक होने पर बेटी ने चिल्लाकर डॉक्टर को आवाज लगाई। चिल्लाने पर वह वार्ड से भागने लगा। पकड़ने के लिए बेटी भी चिल्लाते हुए उसके पीछे भागी। महिला वार्ड के गेट पर मौजूद गार्ड ने उसे पकड़ लिया। SMS हॉस्पिटल थाना पुलिस भी सूचना पर वार्ड में पहुंची।
पुलिस ने आरोपी आशिफ अहमद खान (43) पुत्र सलीम खान निवासी मलारना डूंगर सवाई माधोपुर को गिरफ्तार किया। पीड़िता की पिता की शिकायत पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया।

3 महीने से जयपुर में रह रहा आरोपी
SHO नवरतन धोलिया ने बताया- आरोपी आशिफ अहमद खान को उसके घरवालों से बाहर निकाल रखा है। पिछले करीब 3 महीने से वह जयपुर में खानाबदोश रह रहा है। SMS हॉस्पिटल के आसपास बाटे जाने वाले मुफ्त खाने को खाता है।
हॉस्पिटल के वार्ड में डॉक्टर बनकर घुस जाता है। गार्ड के टोकने पर खुद को डॉक्टर बताता है। डॉक्टर बनकर युवती-महिलाओं से चेकअप के बहाने छेड़छाड़ करता है। हॉस्पिटल में लगी लाइन में भी महिलाओं से छेड़छाड़ करना स्वीकार किया है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है।