May 18, 2024

मां ने बेटी को 3 बार बेचा : 30 लाख में सौदा हुआ, नशे के इंजेक्शन देकर दिन में 40 बार होता था रेप

बूंदी। मां सिर्फ रुपयों के खातिर बेटी का सौदा कर दिया और उसे जीतेजी नरक में धकेल दिया। हां, ये सुनने में बड़ा अजीब लग रहा होगा, लेकिन यह सच है। राजस्थान के बूंदी जिले में ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां मां ने 9 साल की बेटी को पहले 20 लाख रुपए में देह व्यापार के दलालों को सौंप दिया। फिर दलालों ने उसे 10 लाख रुपए में डांस बार में बेच दिया। यहां से जैसे-तैसे वह बचकर वापस मां के पास पहुंची तो उसने फिर 10 हजार रुपए के लिए उसे नरक में धकेल दिया।

बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष सीमा पोद्दार ने बताया कि अगस्त में दबलाना थाने में महिला ने अपनी 16 वर्षीय भांजी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने महाराष्ट्र पुलिस की मदद से लड़की को नागपुर के लकड़गंज से ढूंढ़ निकाला। 8 सितंबर से 14 सितम्बर तक सीडब्ल्यूसी के आदेश पर किशोरी को बालिका सुधार गृह में रखा गया। 25 सितम्बर को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया। पूछताछ के बाद किशोरी को मां के सुपुर्द कर दिया। नाबालिग को परिजनों को संभलाने के साथ ही मांडलगढ़ थाने में प्रतिदिन उपस्थिति दर्ज करवाने के लिए पाबंद किया गया था।

भाई को लेकर भागी, थाने जाकर दर्ज कराई रिपोर्ट
14 अक्टूबर को किशोरी अपने 4 साल के भाई को लेकर घर से भाग निकली। इसके बाद मांडलगढ़ थाने में हाजिरी के लिए नहीं पहुंचने पर किशोरी की जानकारी जुटाई गई। पुलिस के जानकारी करने पर पता चला कि किशोरी अपने भाई को लेकर महाराष्ट्र भाग गई है। वहां लकड़गंज नागपुर पुलिस थाने में पहुंची किशोरी ने अपनी पूरी कहानी बताते हुए मां और दो दलालों के खिलाफ शिकायत दी।

शादी के नाम पर फिर बेचना चाहती थी मां
किशोरी ने बताया कि उसकी मां ने रुपयों के लिए उसे बेचा था। बाल कल्याण समिति के कहने पर वह मां के साथ रहने चली गई थी। लेकिन, विवाह के नाम पर उसको फिर बेचने का प्रयास किए जाने का पता चला तो वह भाग निकली। किशोरी को नागपुर पुलिस ने सोमवार को सीडब्ल्यूसी बूंदी को सौंप दिया। नागपुर पुलिस ने मामले में बूंदी व भीलवाड़ा में दबिश दी। पुलिस ने आरोपी मां सहित तीन जनों को हिरासत में लिया है।

सुनाई यौन शोषण की दर्द भरी कहानी
किशोरी ने आगे बताया कि मां ने 9 साल की उम्र में पहली बार बॉम्बे में उसे 20 लाख रुपए में बेचा था। यहां उसके साथ नशे के इंजेक्शन देकर दिन में 30 से 40 बार यौन शोषण किया जाता था। दूसरी बार उसे एक डांस बार में 10 लाख रुपए में बेचा। यहां भी उसके साथ यही सलूक हुआ। वहां से बचकर निकलने पर तीसरी बार में मां ने उसे 10 हजार रुपए में नागपुर में साड़ी की दुकान चलाने वाली महिला को बेच दिया गया। यहां महिला और उसका पति ग्राहकों से यौन शोषण करवाता रहा। खुद महिला का पति भी उसका शोषण करता रहा। वहां से एक ग्राहक की मदद से भागी, जिसके बाद एक साल तक उसके साथ रही। जिसके बाद मां से संपर्क कर वापस घर लौट आई थी।