May 19, 2024

विधायक पर पुलिस ने बरसाईं लाठियां : बैरिकेड कूदते विधायक को कॉन्स्टेबल ने दिया धक्का; बचाने आए कार्यकर्ताओं को भी पीटा

अलवर। अलवर शहर के विधायक संजय शर्मा और भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने खूब लाठियां बरसाईं। बुधवार को गहलोत सरकार के खिलाफ जनाक्रोश प्रदर्शन चल रहा था। संजय शर्मा अपने समर्थकों-कार्यकर्ताओं के साथ बैरिकेड कूदकर कलेक्ट्रेट में घुसने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान पुलिस के साथ उनकी धक्का-मुक्की भी हुई। वो कोने में जा गिरे। मामला बिगड़ता देख जवानों ने लाठीचार्ज कर दिया। विधायक की पिटाई के बाद केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल सहित तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट में ही धरने पर बैठ गए और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग करने लगे।

सभा के बाद पहुंचे थे कलेक्ट्रेट
बुधवार काे जनाक्रोश प्रदर्शन के दौरान सुबह 11 बजे केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, प्रदेश संगठन मंत्री भजनलाल शर्मा, सांसद बालकनाथ योगी, पूर्व मंत्री हेम सिंह, शहर विधायक संजय शर्मा और विधायक मंजीत चौधरी समेत कई बीजेपी नेता कंपनी बाग पहुंचे थे। दोपहर डेढ़ बजे तक यहां सभा चली। इसके बाद ज्ञापन सौंपने के लिए रैली निकाल कलेक्ट्रेट पहुंचे। सभा स्थल से 2 किलोमीटर दूर कलेक्ट्रेट पर सभी बीजेपी नेता दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पहुंचे थे। यहां भीड़ को देखते हुए पहले से ही थ्री लेयर बैरिकेड लगाकर पुलिस डटी हुई थी।

टास्क फोर्स के जवान तैनात
पुलिस की ओर से पहले से ही कलेक्ट्रेट के बाहर स्पेशल टास्क फोर्स के जवानों को तैनात कर दिया गया था। इसी दौरान कलेक्ट्रेट में जाने की बात को लेकर बीजेपी पदाधिकारी पुलिस अधिकारियों से उलझ गए और बैरिकेड्स तोड़ते हुए आगे बढ़ने लगे। विधायक संजय शर्मा भी बैरिकेड्स पर चढ़ गए और कूदने का प्रयास करने लगे। बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी वहां थे। गहमा-गहमी के बीच पुलिस ने संजय शर्मा को धक्का दे दिया। वो वहीं कोने में जा गिरे। इसके बाद भी पदाधिकारी शांत नहीं हुए तो पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया। कई लाठियां विधायक को पड़ीं। हालांकि दो कार्यकर्ता विधायक को बचाने के लिए उनके आगे खड़े हो गए थे।

बचाने आए कार्यकर्ताओं पर भी पड़ी लाठी
जब शहर विधायक पर लाठियां पड़ने लगी तो बैरिकेड तोड़ कुछ कार्यकर्ता उन्हें बचाने के लिए वहां पहुंच गए। बीजेपी पदाधिकारियों का कहना था कि उन्होंने फोर्स के जवानों को भी बताया कि ये शहर के विधायक हैं.. इन्हें तो छोड़ दीजिए। दूसरे जवानों ने उनके बचाव में आए कार्यकर्ताओं पर भी लाठियां बरसा दीं। विधायक पर लाठीचार्ज की जानकारी जैसे ही दूसरे पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं को मिली, मामला गरमा गया। विधायक संजय शर्मा के साथ अलवर के सांसद बालकनाथ योगी सहित अन्य नेता वहीं धरने पर बैठ गए। संजय शर्मा ने कहा कि जब तक पुलिस वाले माफी नहीं मांगेंगे, धरने से नहीं, उठेंगे।

1 घंटे तक बैठे रहे धरने पर
विधायक पर लाठियां पड़ने के बाद बीजेपी नेता आक्रोशित हो गए। केंद्रीय मंत्री के साथ अन्य नेता कार्रवाई करने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट के बाहर 1 घंटे तक धरने पर बैठे रहे। शाम करीब साढ़े चार बजे धरना खत्म हुआ। इधर, एसपी आनंद शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंंने नेताओं के सामने सफाई दी कि जवान जयपुर से आए थे, इसलिए वो पहचान नहीं पाए थे। एसपी ने वीडियो के आधार पर चार जवानों को चिह्नित किया। इनमें कॉन्स्टेबल कमलेश, बनवीर, सुनील और अनिल शामिल हैं। उन्होंने एडीजी क्राइम को लेटर लिख इस घटना से अवगत कराया। साथ ही, सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए भी लिखा है। इस लेटर की कॉपी देखने के बाद धरना खत्म हुआ था।
इससे पूर्व हुई सभा में बीजेपी नेताओंं ने कांग्रेस सरकार को प्रदेश में फेल बताया। सचिन पालयट व गहलोत की लड़ाई में प्रदेश की जनता का नुकसान होने की बात कही।