May 17, 2024

राहुल गांधी कराएंगे सर्वे, तब मिलेगा टिकट : कांग्रेस चली डिजिटल सदस्य बनाने, जानिए डिजिटल सदस्य बनाने वाले कैसे बन सकेंगे विधायक व सांसद

अलवर। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता व डिजिटल अभियान राजस्थान के प्रभारी संजय निरुपम ने गुरुवार को अलवर के प्रताप ऑडिटोरियम में डिजिटल सदस्य बनाने और इसके महत्व की जानकारी दी। निरुपम में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से कहा कि डिजिटल सदस्य बनाने में किसी तरह का फर्जीवाड़ा नहीं हो सकता। फोटो, वोटर आईडी व मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजकर सदस्य बनाया जाएगा। भाजपा की तरह मिस्ड कॉल के जरिए झूठी सदस्यता का रिकॉर्ड नहीं बनाना है।

जो मेहतन करेगा, उसे टिकट मिलेगा
निरुपम ने कहा कि सदस्य अभियान बनाने के लिए प्रत्येक बूथ पर दो प्रमुख होंगे। जो सदस्य बनाएंगे। एक प्रमुख कम से कम 50 सदस्य बनाएंगे। एक बूथ पर दो प्रमुख 100 सदस्य बनाएंगे। इस तरह पूरे राजस्थान में मार्च माह तक 52 लाख सदस्य बनाएंगे। जो सदस्य बनाने में मेहनत करेंगे। उनको आगे चुनाव लड़ने के अवसर मिलेंगे।

राहुल गांधी सर्वे कराएंगे
निरुपम ने कहा कि सदस्य बनाने में जो मेहनत करेगा। उनकी टीम बनती रहेगी। उनकाे कार्यकर्ता जानेंगे। भविष्य में ऐसा भी हो सकता है राहुल गांधी खुद किसी भी विधानसभा क्षेत्र या लोकसभा क्षेत्र में डिजिटल सदस्यों से सर्वें करा लें। सर्वे में यह पूछता जा सकता है कि आपके विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस से कौन बेहतर उम्मीदवार हो सकता है। इसमें कार्यकर्ताओं का फीडबैक आएगा। जो कार्यकर्ता मेहनत कर रहा होगा। उसको पार्टी केवल डिजिटल फीडबैक के आधार पर टिकट देगी। ऐसा कई राज्यों में कांग्रेस कर चुकी है। इसलिए मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को आगे चुनाव लड़ने के अवसर मिलेंगे। कार्यकर्ता यह नहीं कह सकेंगे कि मेहनत उन्होंने की है और टिकट किसी दूसरे को दे दिया।

ऐसे संगठन बनेगा
एक बूथ पर दो प्रमुख व उप प्रमुख बनेंगे। यही दो प्रमुख ब्लॉक अध्यक्ष बनाएंगे। ब्लॉक कई बूथों को मिलाकर होता है। यही ब्लॉक अध्यक्ष अपना डेलीगेट चुनते हैं। ये डेलीगेट बहुत महत्वपूर्ण होते हैं। जो आगे चलकर पार्टी के शीर्ष पदों के चुनाव की प्रक्रिया में भाग लेते हैं। आगे चलकर सोनिया गांधी व राहुल गांधी के सामने भी कोई चुनाव लड़ सकते हैं।

मौजूद रहे नेता

डिजिटल सदस्य अभियान में कैबिनेट मंत्री टीकाराम जूली, पीसीसी सचिव ललित यादव, जिला प्रमुख बलवीर छिल्लर, पूर्व विधायक राजेंद्रसिंह, कृष्ण मुरारी गंगावत, मुकेश सारवान, सुमन यादव, अजीत यादव सहित काफी संख्या में कांग्रेस के बड़े नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।