May 13, 2024

निर्माणाधीन पानी का टांका ढहा, तीन मजदूर 20 फीट नीचे मिट्‌टी में दबे

जोधपुर। निर्माणाधीन पानी का टांका ढह जाने से तीन श्रमिक मिट्‌टी में दब गए। जानकारी के अनुसार सरहदी बाड़मेर जिले गिड़ा पंचायत समिति क्षेत्र में मंगलवार को नरेगा के तहत निर्माणाधीन पानी का टांका ढह जाने से तीन श्रमिक मिट्‌टी में दब गए। करीब 20 फीट नीचे दबे श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए दो घंटे से राहत कार्य जारी है, लेकिन अभी तक उन्हें बाहर नहीं निकाला जा सका है। समय निकलने के साथ श्रमिकों के जिंदा बचने की उम्मीदें क्षीण होती जा रही है।

गिड़ा के ग्राम पंचायत खारडा भारत सिंह की दर्जियों की ढाणी में नरेगा के तहत एक टांके का निर्माण कार्य चल रहा था। इस दौरान एकाएक टांका भरभरा कर ढह गया। टांके के आसपास की बालू मिट्‌टी भी इसमें आ गिरी। टांका ढहने से उसमें कार्य कर रहे तीन श्रमिक अंदर ही मिट्‌टी में दब गए। श्रमिकों के मिट्‌टी में दबने से वहां कार्य कर रहे अन्य श्रमिक मदद के लिए चिल्लाने लगे। उनकी आवाज सुन आसपास के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने स्वयं के स्तर पर राहत कार्य शुरू किया।

थोड़ी देर में पुलिस व प्रशासन को सूचना मिलने पर दो जेसीबी लगाकर राहत कार्य शुरू करवाया गया। टांका ढहने से इसमें मिट्‌टी बहुत ज्यादा आ गई है। वहीं जेसीबी से मिट्‌टी निकालते ही आसपास की और मिट्‌टी टांके में जा रही है। इस कारण मिट्‌टी में दबे श्रमिकों को निकालने में समय लग रहा है।