May 2, 2024

जयपुर. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत खेमे के विधायकों को जयपुर से जैसलमेर शिफ्ट किये जाने के बीच कुछ मंत्रियों और विधायकों के गायब होने की खबर ने सोशल मीडिया पर शनिवार सुबह से ही खलबली मचाये हुए है। बताया जा रहा है कि जयपुर से जैसलमेर के लिए निकले गहलोत खेमे के 6 मंत्री और 5 विधायक गायब हो गए हैं। दरअसल, भारतीय जनता पार्टी की आईटी सेल के राष्ट्रीय सदस्य खेमचंद शर्मा ने देर रात लगभग ढाई बजे एक ट्वीट पोस्ट किया। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा, ‘बड़ी खबर-जयपुर से जैसलमेर के लिए निकले गहलोत खेमे के 6 मंत्री और 5 विधायक हुए ‘गायबÓ।Ó इस पोस्ट के डलते ही ये खबर आग की तरह वायरल होना शुरू हो गया। सोशल मीडिया यूज़र्स ने इस पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रियाओं की झड़ी लगा दी।

गफलत पहुंचाते हुए इस पोस्ट की असल सच्चाई ये है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देश पर लगभग आधा दर्जन मंत्रियों को जयपुर में ही रोका गया है। जबकि शुक्रवार को दो राउंड में मुख्यमंत्री सहित 89 विधायकों के जैसलमेर शिफ्ट होने के बाद शेष रहे विधायक शनिवार को जयपुर से रवाना हुए। मंत्रियों की बात की जाए तो मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, मंत्री रघु शर्मा, मंत्री अशोक चांदना, मंत्री लालचंद कटारिया, मंत्री सुभाष गर्ग और मंत्री उदयलाल आंजना जैसलमेर नहीं गए हैं। वहीं, जैसलमेर नहीं जाने वाले मंत्रियों में मास्टर भंवरलाल का भी नाम शामिल है, लेकिन वह लंबे समय से गुडग़ांव के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। ऐसे में 4 मंत्री ऐसे हैं, जो इस बाड़ेबंदी में नहीं पहुंचे हैं।