May 17, 2024

चुनावी हलचलों के बीच राजस्थान सीएम अचानक हुए दिल्ली रवाना, जानें क्या है बड़ी वजह?

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आज एक बार फिर दिल्ली दौरा लगा है। लोकसभा चुनावी सरगर्मी के बीच उनका ये दौरा भी प्रचार अभियान से जुड़ा हुआ है। दरअसल, मुख्यमंत्री शर्मा आज दिल्ली की एक लोकसभा सीट पर प्रचार अभियान में उतरने जा रहे हैं। वे यहां एक रोड शो करके भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में वोट अपील करेंगे। जारी हुए कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री आज सुबह जयपुर से रवाना हुए। वे भाजपा प्रत्याशी कमलजीत सहरावत के समर्थन में दिल्ली के जनकपुरी में रोड शो में शामिल होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री का आज दोपहर ही जयपुर लौट आने का कार्यक्रम है। गौरतलब है कि राजस्थान में दो चरणों में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव के बाद से ही मुख्यमंत्री भजनलाल विभिन्न राज्यों के दौरे कर वहां भाजपा के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। दिल्ली से पहले वे पश्चिम बंगाल और झारखंड राज्यों में भी पार्टी प्रत्याशियों के लिए वोट मांग चुके हैं।