May 20, 2024

शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म, गोलियां खिलाकर बच्चा गिराया, साथ रखने से मना किया तो दर्ज कराया मामला

हनुमानगढ़। शादी का झांसा देकर देहशोषण करने और गर्भवती होने पर गोलियां खिलाकर गर्भपात कराने का मामला सामने आया है। इस संबंध में एक युवती ने महिला पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस मुकदमे की जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार युवती ने मुकदमा दर्ज करवाते हुए बताया कि उसकी जानकारी गुरमीत सिंह पुत्र रूपसिंह जटसिख निवासी 281 हैड घड़साना जिला अनूपगढ़ के साथ 2021 में हुई थी। गुरमीत सिंह उसे बार-बार फोन कर परेशान करता था। गुरमीत सिंह ने उसका रिश्ता तुड़वा दिया था। उसके बाद गुरमीत सिंह ने बहला-फुसलाकर और विवाह करने की कहकर 2021 में घर आकर उसके साथ शारीरिक सम्बन्ध बनाए। इससे वह गर्भवती हो गई। मार्च 2023 में जब वह दो महीने की गर्भवती थी तब गुरमीत सिंह ने उसके होने वाले बच्चे को जान से मारने की साजिश करते हुए उसे अपने घर बुलाकर जहरीली गोलियां खिला दी। इससे उसका बच्चा पेट में ही मर गया।

इसके बाद भी गुरमीत सिंह उसके साथ जबरदस्ती सम्बन्ध बनाता रहा। तब गुरमीत सिंह ने उसे कहा था कि वह उसे अपने घर में बसा लेगा, लेकिन अब बसाने को तैयार नहीं है। पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप सहित विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जांच कार्यवाहक थाना प्रभारी एसआई रजनदीप कौर कर रही हैं।