May 19, 2024

लड़कियां देख गाना गाकर अश्लील इशारे किए, चार मनचले गिरफ्तार
जयपुर। शहर में राह चलती महिलाओं और महिला पर्यटकों के साथ अश्लील हरकत करने व छेड़छाड़ करने के मामले में लगातार मनचले पकड़े जा रहे हैं। निर्भया स्क्वॉयड की महिला जवानों ने शहर में मनचलों पर निगरानी रखना शुरू किया, तब से मनचले लगातार पकड़े जा रहे हैं। पुलिस 20 जुलाई से शुरू किए अभियान के दौरान अब तक 451 मनचलों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी। शनिवार को भी चार मनचलों को पकड़ा गया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राहुल प्रकाश ने बताया कि गोविंददेवजी मंदिर के पार्क में लोग घूम रहे थे। इनमें लड़कियां भी शामिल थी। लड़कियों को देखकर चार मनचले जोर जोर से गाना गाने लगे और अश्लील इशारे करने लगे। पार्क में मौजूद निर्भया टीम ने लड़कों को रोकने की कोशिश की तो वे टीम से झगड़ा करने लगे।

इन्हें किया गिरफ्तार
टीम ने तुरंत कार्यवाही करते हुए माणकचौक थाने की चेतक को बुला लिया और शोहिल, मोहम्मद ईशान, माजिद एवं नदीम अंसारी को थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इससे पहले शुक्रवार को पड़ोसी महिला को जबरन दोस्ती बनाने का दबाव बनाने और इनकार करने पर तेजाब फेंकने की धमकी देने वाले शफीक उर्फ कालिया को पकड़ा था। वहीं आमेर महल से सुरेश कुमार यादव को मोबाइल में महिला पर्यटकों की अश्लील वीडियो बनाते पकड़ा था।