May 20, 2024

कलेजे के टुकड़े की छीन ली सांसें,बेटे का हत्यारा बोला- ‘अशुभ था इसलिए मार दिया’
जिले में अंधविश्वास के चलते एक पिता ने अपने 13 महीने के बेटे की सांसें छीन ली। आरोपी ने मासूम बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी और फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच कर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को जो बताया उसे सुनकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। आरोपी ने कहा कि बेटा उसके लिए अशुभ था। उसके पैदा होने के बाद से ही लगातार परेशानियां सामने आ रहीं थी। बेटे के जन्म के बाद से वह बीमार रहने लगा था और कर्जभी हो गया था। इसी के चलते उसने बेटे की हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार मामला झालावाड़ के खानपुर कस्बे का है।
मूलत: मध्यप्रदेश के नीमच का रहने वाला अब्बास अली बोहरा लंबे समय अपने परिवार के साथ यहां रह रहा है। सोमवार को खानपुर कस्बे की एक मस्जिद में कार्यक्रम था। अब्बास की पत्नी यास्मीन और बड़ा बेटा वहां चले गए, लेकिन बीमारी का बहना बनाकर अब्बास घर पर ही रुक गया। उसके घर रुकने से यास्मीन 13 महीने के बेटे को भी घर पर ही छोड़ गई। पत्नी और बड़े बेटे के घर से जाने के बाद पीछे से अब्बास ने मासूम बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद अब्बास ने मकान को ताला कर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को रामगंज मंडी से गिरफ्तार किया
मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को लेकर जानकारी ली। वहीं, मृतक बच्चे के मामा की शिकायत पर आरोपी पति अब्बास के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को रामगजमडी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 13 महीने का बेटा उसके लिए अशुभ था। उसके पैदा होने के बाद से कु छ भी सही नहीं रह रहा था। वह बीमार रहने लगा था, कोई भी काम करने पर उसे कोई फायदा नहीं हो रहा था।
पत्नी कमरे में गई तो पैरों तले खिसकी जमीन
अब्बास के फरार होने के एक-दो घंटे बाद उसकी पत्नी यास्मीन बड़े बेटे के साथ मस्जिद से घर लौटी तो उसने गेट पर ताला गला देखा। उसने पति अब्बास को कॉल किया, लेकिन उसने रिसीव नहीं किया। यास्मीन को बाहर खड़ा देखकर आस-पास के लोग मौके पर आ गए। अब्बास का काफी इंतजार करने के बाद उन्होंने ताला तोड़ दिया। इसके बाद यास्मीन अंदर पहुंची तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसका 13 महीने का बेटा कमरे में मृत पड़ा हुआ था। इसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।