May 17, 2024

1 करोड़ का सोना चुराकर होटल में रशियन कॉलगर्ल्स बुलाईं : ज्वेलर के घर से कारपेंटर ने सोना चुराकर मकान बनाया, महंगी होटलों में रुकता, शराब पीता

जयपुर। जयपुर में ज्वेलर के घर से 6 महीने पहले 1 करोड़ का सोना चोरी करने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। ज्वेलर के यहां कारपेंटर का काम करने वाले युवक ने ही 2 किलो सोना चुराया था। उसने चोरी के सोने को अपने दो साथियों के साथ पहले गलाया और उसे बाजार में बेच दिया। पैसे से दो मंजिला मकान बनाया और लग्जरी लाइफ जीने लगा। महंगी होटलों में रुका और शराब पी। वहां विदेशी लड़कियां बुलाईं। उसकी लाइफ में आया चेंज देखकर पुलिस को शक हुआ और वह पकड़ा गया।
मानसरोवर पुलिस ने बताया कि चोरी के आरोप में मुख्य आरोपी दुर्गेश बैरवा (27), बाबूलाल (29) और मुकेश कुमार(32) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को जयपुर ग्रामीण के आंधी इलाके से दबोचा है। पुलिस ने आरोपियों से चुराया गया सोना भी बरामद किया है, हालांकि अभी तक पुलिस की टीम चुराया गया पूरा सोना बरामद नहीं कर पाई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी दुर्गेश बैरवा ने चुराया हुआ सोना पिघलाया। महंगी शराब खरीदी। होटल में रशियन लड़कियां बुलाईं। साथ ही दो मंजिला मकान बना लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी दुर्गेश बैरवा ज्वेलरी व्यवसाई के घर कारपेंटर का काम करता था। आरोपी ने सितंबर में ही सोने कि 2 किलो की सिल्ली चुरा ली थी। इसकी कीमत करीब 1 करोड़ रुपए थी। दुर्गेश बैरवा ठेकेदार के जरिए ज्वेलर राजेश सोनी के यहां पर काम करने आता था। चौंकाने वाली बात तो यह है कि सोने की चोरी करने के बाद भी कुछ दिन तक आरोपी यहां लगातार काम करने आता रहा था।

ज्वेलर ने अलमारी खोली तो खुला राज
कुछ दिन पहले जब भाव बढे़ तो ज्वेलर राजेश सोनी ने सोना बेचने के लिए तिजोरी खोली। तिजोरी में सोने की सिल्ली नहीं मिली। इसके बाद 4 मार्च को राजेश से मानसरोवर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची। आलमारी को देखा तो पता चला कि किसी खाती ने खोला है। इस पर राजेश का शक दुर्गेश बैरवा पर गया। जो कई बार मकान में फर्नीचर रिपेयर करने आता था। आरोपी के बारे में पता किया।
राजेश को जानकारी मिली की दुर्गेश ने चंद महीनों में भी अपना दो मंजिला लग्जरी मकान बना लिया। ऐशो आराम करने लगा। ठेकेदार से मिली जानकारी के बाद शक होने पर पुलिस ने इन्हें दबोच लिया। पुलिस ने पूछताछ की तो उसने उगल दिया की वारदात उसने ही की है।

लग्जरी लाइफ जीने लगा था
पूछताछ में खुलासा हुआ कि सोने की सिल्ली चुराने वाले दुर्गेश ने अपने दो साथी मुकेश और बाबू बैरवा के साथ मिलकर पहले सोना गलाया। फिर उसे बाजार में बेचा। जो पैसा मिला उससे लग्जरी लाइफ जीने लगा। जब ठेकेदार दुर्गेश को काम के लिए बुलाता तो वह कहता कि उसे अब काम करने की जरूरत नहीं है।