May 18, 2024

नाबालिग से मारपीट को लेकर 2 पक्षों में पत्थरबाजी : एक व्यक्ति घायल, अस्पताल में कराया भर्ती, मौके पर पुलिस बल मौजूद

चूरू। चूरू शहर में वार्ड 25 और 30 के बीच सोमवार देर शाम एक नाबालिग लड़के की पिटाई के बाद 2 गुटों में जमकर ईंट-पत्थर चले। पत्थरबाजी में एक व्यक्ति घायल हो गया। जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया। सूचना के बाद एसपी डी. आन्नद, एएसपी राजेन्द्र मीणा, डीएसपी राजेन्द्र बुरड़क, कोतवाली सीआई महेन्द्र कुमार, महिला थानाधिकारी सुखराम चोटिया और आरएसी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस दोनों ही पक्षों के उपद्रवियों को चिन्हित कर उनके धरपकड़ का प्रयास कर रही है।
डीएसपी राजेन्द्र बुरड़क ने बताया कि पत्थरबाजी में कई कारण सामने आ रहे हैं। वार्ड 25 और 30 के बीच एक पक्ष की ओर से किसी लड़के की पिटाई की गई। इस बात की जानकारी लगने पर दोनों पक्ष के लोगो के बीच कहासुनी हो गई। उसी बीच दोनों ओर से पत्थरबाजी शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि करीब 20 मिनट तक दोनों पक्षों के बीच में पत्थरबाजी हुई। देखते ही देखते सड़क पर ईंट पत्थर जमा हो गए। पुलिस की मौजूदगी में भी कुछ देर तक पत्थरबाजी की घटना हुई। बाद में पुलिसकर्मियों ने मामले को संभाला। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। सोमवार रात हुई घटना के बाद डीएसपी राजेन्द्र बुरड़क और महिला थाना सीआई सुखराम चोटिया मंगलवार सुबह तक घटनास्थल पर डटे रहे, जहां दोनों अधिकारियों ने दोनों पक्षों से समझाइश कर मामले को शांत करवाया।

3 नामजद सहित 50 के खिलाफ मामला दर्ज
2 गुटों में हुई पत्थरबाजी को लेकर कोतवाली थाने में 3 नामजद सहित 50 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। पत्थरबाजी की इस वारदात में जब दोनों ही पक्षों के द्वारा मुकदमा दर्ज नहीं करवाया गया तो पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए आईपीसी की संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया है। पत्थरबाजी करने वालों में अमित, महेन्द्र सैनी और रासीद इलाही सहित करीब 40-50 लड़के थे। फिलहाल कोतवाली थाने में आईपीसी की धाराओं में मामला दर्ज किया है।