May 19, 2024

बारात आने से पहले प्रेमी के साथ भागी दुल्हन : दोनों बहनों की 2 भाईयों से होनी थी शादी, पुलिस ने उदयपुर से पकड़ा

डूंगरपुर। डूंगरपुर के सीमलवाड़ा के कंबोईया बस्ती में 2 बहनों की बारात आने से पहले ही छोटी बहन घर से भाग गई। बारात आने के बाद हंगामा बढ़ा तो पुलिस ने दुल्हन की तलाश शुरू कर दी। उदयपुर में लोकेशन मिलने पर दुल्हन को उदयपुर से पकड़ लिया है। पुलिस अब दोनों को लेकर आ रही है।
सीमलवाड़ा डीएसपी रामेश्वरलाल ने बताया कि धंबोला थाना क्षेत्र के सीमलवाड़ा कस्बे में कंबोईया बस्ती में 2 सगी बहनों की शादी होने वाली थी। परिवार में खुशियों का माहौल था। धाताणा गांव से दो सगे भाइयों की बारात आने वाली थी, लेकिन सुबह करीब 5 बजे दुल्हन के परिवार के लोगों को पता लगा कि छोटी बेटी घर पर नहीं है और वह भाग गई है। इस पर परिवार के लोगों ने तलाश शुरू कर दी। इस बीच सुबह करीब 10 बजे दूल्हे दोनों भाईयों की बारात भी दुल्हन के घर आ गई, लेकिन छोटी दुल्हन का कोई पता नहीं चला। दूसरी ओर दूल्हे पक्ष को जैसे ही इसका पता चला तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। दुल्हन पक्ष के लोग हाथ जोड़कर दूल्हे वालों से मिन्नतें करने लगे, लेकिन दूल्हे पक्ष के लोग दोनों भाईयों की एक साथ ही शादी करवाने पर अड़े रहे। वहीं दुल्हन के भागने पर उसी की तीसरी छोटी बहन से शादी करवाने के लिए अड़ गए।
वहीं परिवार के लोग भागी दुल्हन की खोजबीन करते रहे। दुल्हन को सीमलवाड़ा में ही रहने वाला समीर नाम का युवक भगा ले गया है। डीएसपी रामेश्वरलाल ने बताया कि दुल्हन की तलाश के लिए चारों ओर नाकेबंदी करवा दी। वहीं उसकी तलाश के लिए टीम रवाना कर दी। इस दौरान पुलिस को दुल्हन और उसके प्रेमी के उदयपुर में होने का पता लगा। जिस पर पुलिस ने उदयपुर से दोनों को पकड़ लिया। डीएसपी ने बताया कि दोनों को उदयपुर से थाने लाया जा रहा है। इसके बाद लड़की के बयान दर्ज किए जाएंगे और आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिवार के लोग दुल्हन के आने के बाद शादी करवाने की बात कर रहे हैं।