May 21, 2024

नवजात को खेत में फेंका, बॉडी में लगे थे कीड़े : रोने की आवाज सुन पहुंचीं महिलाएं; बाजरे की फसल के बीच तड़पता मिला

बाड़मेर। खेत में काम कर रही महिलाओं को नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी। मौके पर महिलाएं पहुंचीं तो एक नवजात बाजरे की फसलों के बीच में पड़ा था। उसकी पूरी बॉडी पर कीड़े रेंग रहे थे। नाक-कान, आंख तक सुरक्षित नहीं थे। महिलाओं ने फौरन उसे उठाया और पुलिस को खबर दी। उसका इलाज बाड़मेर के डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में चल रहा है। मामला बाड़मेर जिले के सेड़वा कटारिया गांव का है।

रोने की आई थी आवाज
एएसआई अचलाराम के अनुसार, सेड़वा स्थित कारटिया गांव के खेत में सोमवार सुबह करीब 11 बजे कुछ महिलाएं काम कर रही थीं। बगल के खेतों में बाजरे की फसल लगी है। उन्हीं के बीच से किसी नवजात के रोने की आवाज आई। 7-8 फुट ऊंची खड़ी फसलों के बीच बच्चे को ढूंढना आसान नहीं था। सभी महिलाएं खेत में घुसीं और नवजात को खोज निकाला।

पुलिस हॉस्पिटल लेकर आई
कालू सिंह के खेत में लावारिश हालात में नवजात रोता मिला। उसके ऊपर कीड़े रेंग रहे थे। उसके पूरे शरीर को कीड़ों ने घेर लिया था। जैसे-तैसे महिलाएं उसे लेकर बाहर आईं।
इतने में पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम नवजात बेटे को लेकर सेड़वा हॉस्पिटल पहुंची। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को बाड़मेर डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया।
सेड़वा सीएचसी के डॉक्टर ओपी सैनी ने बताया, सीएचसी में नवजात को लाए थे। नवजात के पूरे शरीर में जगह-जगह कीड़े पड़े हुए थे। डॉक्टरों की टीम ने कीड़ों को बाहर निकाला है। ऐसा लग रहा है कि 2 से 3 दिन पहले ही उसका जन्म हुआ है। फिलहाल बच्चे की तबीयत ठीक है। बेहतर इलाज के लिए उसे डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया है। बच्चे का वजन 1.860 है। नवजात करीब सवा 8 महीने गर्भ में रहा है।