May 19, 2024

यहां महंगाई राहत कैंप में हुआ हंगामा, भीड़ उमड़ी तो कर्मचारी भागे, लोग हुए परेशान

भरतपुर।  भरतपुर जिला कलेक्ट्रेट में लगे महंगाई राहत कैंप में शनिवार को हंगामा हो गया। लोगों की बढ़ती भीड़ को देखकर कैंप में बैठे कर्मचारी इतना घबरा गए कि वे सामान समेट भाग गए। जिसके बाद लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। महंगाई राहत कैंप में आए लोगों ने बताया कि वे सुबह करीब 7 बजे रजिस्ट्रेशन कराने आए थे, लेकिन कैंप के कर्मचारी तय समय पर नहीं आए। काफी देर इंतजार करने के बाद लोगों को टोकन मिले। इस बीच भीड़ बढ़ी तो कर्मचारी टोकन फेंक कर चले गए।

कैंप में व्यवस्थाएं नहीं होने का आरोप 
लोगों ने कहा कि प्रशासन की ओर से कैंप में ठीक व्यवस्थाएं नहीं गई हैं। इस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री निशुल्क अन्नपूर्णा फ्री फूड पैकेट योजना शुरू होने के बाद से महंगाई राहत कैंप में भीड बढ़नी शुरू हो गई।  प्रशासन को अंदाजा नहीं था कि अचानक से इतनी भीड़ कैंप में उमड़ जाएगी। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।