May 20, 2024

गहलोत के बयान पर केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल का पलटवार, कहा- गहलोत अपने 5 साल और हमारी सरकार के 2 महीनें के कामकाज पर करे बहस

जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के भजनलाल सरकार पर दिए बयान पर केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने पलटवार किया है। मंत्री मेघवाल ने अशोक गहलोत को चैलेंज करते हुए कहा कि अशोक गहलोत अपनी सरकार के कालखंड और हमारी सरकार के 2 महीने के काम को लेकर खुले में बहस करें।

मेघवाल आज प्रदेश बीजेपी कार्यालय में घोषणा पत्र को लेकर आयोजित हुई बैठक में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। यहां मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि अशोक गहलोत क्या बोलते हैं पता नहीं? पहले भी उन्होंने इस तरह का बयान दिया था। उन्होंने कहा कि बीजेपी की मजबूत सरकार प्रदेश में बनी है। मैं तो उनको चैलेंज करता हूं कि वह अपना कालखंड देख ले और हमारे सरकार कार्यक्रम देख ले।

जब उनकी सरकार बनी थी तब उन्होंने अपनी सरकार के शुरुआती 2 महीने में क्या किया और हमने 2 महीने में क्या-क्या कर के दिखा दिया। अशोक गहलोत आकर खुले मंच पर बहस कर ले पता चल जाएगा। किसने क्या काम किया।

कांग्रेस के अंदरखाने असंतोष
मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने गहलोत के ईडी का डर दिखाने के आरोप पर कहा- हिमाचल प्रदेश में तो उनके 40 विधायक थे। किसका डर दिखाया था वहां पर, कांग्रेस के अंदर खुद में असंतोष है। जिस असंतोष का आंकलन वो कभी भी नहीं कर पाते हैं। मेघवाल ने कहा- पहले तो वो अपने नेताओं पर कंट्रोल नहीं कर पाते हैं। फिर दूसरों पर आरोप लगाते हैं।

उन्होंने कहा- ऐसे में पूर्व सीएम अशोक गहलोत द्वारा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर आरोप लगाना निराधार है, गहलोत के बयान उनकी मनो स्थिति को दर्शाता है। पूर्व सीएम गहलोत वस्तु स्थिति को ध्यान में रखकर बयान नहीं दे हैं। वे तो विधानसभा की हार से हताश होकर मजबूरी में मुख्यमंत्री या भाजपा पर आरोप लगाते है। गहलोत के राज में तो पावर को लेकर सचिन पायलट और उनकी लड़ाई ही चल रही थी।

गहलोत ने कहा था, प्रदेश में सीएस है छदम मुख्यमंत्री
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने करीब 3 महीने बाद शुक्रवार को सीएम आवास खाली कर दिया। गहलोत आज सिविल लाइन स्थित बंगला नंबर 49 में शिफ्ट हो गए हैं। इस दौरान गहलोत ने कहा- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुझे आज तक कभी बंगला खाली करने के लिए नहीं कहा। उन्होंने मुझसे कहा- आप बंगले में आराम से रहिए। मुझे जल्दी नहीं है।

गहलोत ने मीडियाकर्मियों से कहा- मेरे प्रवेश के साथ, मैंने आपका भी यहां प्रवेश करवा दिया। कांग्रेस सरकार ने गुड गवर्नेंस के साथ काम किया था। जिस प्रकार विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और पांच राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने झूठा प्रचार किया। 5 लाख और 50 लाख की झूठी बात कही गई।

हमारी सरकार चली गई और बीजेपी सरकार आ गई। पिछले ढाई महीने से लग ही नहीं रहा कि प्रदेश में कोई सरकार है। छदम मुख्यमंत्री तो सीएस सुधांश पंत बने हुए हैं। चर्चा यह भी है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से ज्यादा तो सरकार में एक उपमुख्यमंत्री की चल रही है।