May 2, 2024

जयपुर. भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देश पर शनिवार को घोषित की गई प्रदेश भाजपा की नई टीम में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की लॉबी के नेताओं को शामिल नहीं किये जाने से पार्टी के अंदरूनी माहौल में अंसतोष की लपटें उठती दिखाई दे रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक वसुंधरा राजे ने प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल करने के लिये अपनी लॉबी के कई नेताओं के नाम भी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को भेजे थे,लेकिन उन्हे तरजीह नहीं दी गई। प्रदेश कार्यकारिणी में रखा सोशल इंजीनियरिंग का विशेष ध्यान रखा गया है,इसमें एक सिख,दो राजपूत,तीन वैश्य,चार जाट,पांच दलित,पांच ब्राह्मण,एक गुर्जर,एक जनजाति, एक यादव, एक माली, एक कुमावत शामिल है। नई कार्यकारिणी में आठ प्रदेश उपाध्यक्ष, चार प्रदेश महामंत्री,नौ प्रदेश मंत्री शामिल किए गए हैं। विधायक रामलाल शर्मा को प्रदेश मुख्य प्रवक्ता की अहम जिम्मेदारी दी गई है।

कार्यकारिणी में रामकुमार भूतड़ा का प्रदेश कोषाध्यक्ष, पंकज गुप्ता को प्रदेश सह कोषाध्यक्ष और राघव शर्मा को प्रदेश कार्यालय मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। आवासन मंडल के पूर्व चेयरमैन अजयपाल सिंह, सांसद सीपी जोशी,विधायक चंद्रकांता मेघवाल,पूर्व विधायक डॉ.अलका सिंह गुर्जर,हेमराज मीणा,प्रसन्न मेहता,मुकेश दाधीच,माधोराम चौधरी को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। इनके अलावा विधायक मदन दिलावर,भजन लाल शर्मा और सांसद दीया कुमारी को प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी ने सुशील कटारा,जितेंद्र गोठवाल,अशोक सैनी, महेंद्र यादव, केके विश्नोई, श्रवण सिंह बगड़ी,मधु कुमावत,बिजेंद्र पूनियां,महेंद्र जाटव और वंदना नोंगिया को प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।