May 20, 2024

पड़ोसियों की शिकायत पर पहुंची पुलिस तो मचा हड़कंप, घर में हुक्का पिलाते 2 गिरफ्तार, 5 फ्लेवर के हुक्का मिले

श्रीगंगानगर। घर में ही बाहरी लोगों को फ्लेवर हुक्का पिलाते 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाशों ने अपने घर पर ही हुक्का बार जैसे प्रबंध कर रखे थे। घर के ऊपरी फ्लोर पर युवाओं को बुलाते और उन्हें अलग-अलग फ्लेवर के हुक्का पिलाते थे। पुलिस को सूचना मिली ताे गुरुवार को मौके पर दबिश दी गई। जिसमे मौके पर 5 अलग-अलग फ्लेवर के हुक्के बरामद हुए हैं। इसके साथ ही पुलिस ने कुछ और सामान भी जब्त किया है। मौके से 2 बदमाशों को पकड़कर पुुलिस थाने लाई। उनसे पूछताछ की जा रही है। उनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच एएसआई प्रमोद कुमार को दी गई है।

पुलिस पहुंची तो मचा हड़कंप
पुरानी अबादी के सब्जी मंडी इलाके में एक प्राइवेट बैंक के पास ऊपर की मंजिल पर पिछले कुछ दिन से युवाओं का ज्यादा आना-जाना था। लोगों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने पुरानी आबादी पुलिस को सूचना दे दी। इस पर सीआई धीरेंद्र सिंह जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई की। पुलिस के पहुंचते ही यहां हुक्का पीने आए युवकों में हड़कंप मच गया। उन लोगों ने इधर-उधर भागना शुरू कर दिया।

2 आरोपियों को धर दबोचा
मौके पर संचालन कर रहे पुरानी आबादी थाना क्षेत्र के श्रीकरणपुर रोड के रहने वाले विकास पुत्र ओमप्रकाश और इसी थाना क्षेत्र के उदाराम चौक के रहने वाले दीपक पुत्र हरदेवसिंह को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के पास से 5 फ्लेवर हुक्का नली पाइप सहित मिले हैं। इसके साथ ही 5 डिब्बे क्वाइल, एक इलेक्ट्रिक बर्नर और 2 डिब्बे खुला फ्लेवर बरामद हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।