May 20, 2024

गैस गीजर से दम घुटने से महिला की मौत : घटना के समय घर में अकेली थी, बेटा स्कूल से लौटा तो बाथरूम में बेहोश मिली

श्रीगंगानगर। शहर के पुरानी आबादी इलाके की गांधी बस्ती वार्ड पंद्रह में सोमवार को गैस गीजर से दम घुटने से महिला की मौत हो गई। महिला घटना के समय घर पर अकेली थी। उसके पति लालगढ़ जाटान में दुकान चलाते हैं वहीं घटना के समय बेटा स्कूल गया हुआ था। लौटने पर उसे महिला के बाथरूम में बेहोश पड़े होने का पता लगा। इस पर उसने शोर मचाया। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी लेकिन जब तक वे उसे लेकर अस्पताल पहुंचते महिला की मौत हो चुकी थी।

दम घुटने से हुई मौत
मृतका प्रमिला (45) के भाई रायसिंहनगर निवासी केवलकृष्ण ने बताया कि उसकी बहन के पति गांव लालगढ़ जाटान में दकान चलाते हैं। मृतका प्रमिला अपने बेटे की पढ़ाई के लिए श्रीगंगानगर रह रही थीं। उसका बेटा जयदीप शहर के एक प्राइवेट स्कूल में ग्यारहवीं कक्षा में पढ़ रहा है। सोमवार को वह सुबह करीब दस बजे स्कूल गया था। वह शाम चार बजे के आसपास लौटा और घर का दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं आया। कुछ देर दरवाजा खटखटाने पर जब उसे कोई जवाब नहीं मिला तो उसने शोर मचाया और आसपास के लोगों को एकत्र कर लिया। लोगों ने मिलकर दरवाजा तोड़ा लेकिन महिला अंदर नहीं मिली तो जयदीप और भी घबरा गया। इधर उधर तलाश तो महिला बाथरूम में बेहोश पड़ी मिली।

एंबुलेंस में भिजवाया अस्पताल
उसी समय आसपास के लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर महिला को शहर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। आसपास के लोगों ने शुरुआती तौर पर गैस गीजर के कारण दम घुटने से मौत की आशंका जताई है।