May 19, 2024

ओवरलोड ट्रॉली ​​​​​​​के नीचे दबने से महिला की मौत, आवारा पशु को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा

अनूपगढ। अनूपगढ़ में गुने से भरी ओवरलोड ट्रॉली आवारा पशु को बचाते के चक्कर में अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। जिससे सड़क पर साइड में खड़ी महिला पर ट्रॉली का टायर चढ़ गया। जिससे महिला गंभीर घायल हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग महिला को सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना गांव 15 ए के बस स्टैंड के पास मंगलवार सुबह 8:30 बजे की है।

जानकारी के अनुसार अनूपगढ़ से घड़साना की ओर जा रही गुने से भरी ओवरलोड ट्रॉली के आगे अचानक आवारा पशु आ गया। जिसको बचाने के चक्कर में ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। इस दौरान गांव 15 ए के बस स्टैंड पर 5-7 लोग खड़े थे। तभी ट्रॉली का टायर वहां खड़ी 15ए की निवासी सुनीता के ऊपर चढ़ गया। जिससे सुनीता गंभीर घायल हो गई। हादसे के बाद वहां खड़े लोगों ने दो लोडर मंगवाकर लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद महिला को टायर के नीचे से निकाला और अनूपगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके पर ट्रैक्टर ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस मौके पहुंची और शव का पोस्टमॉर्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया है।

महिला मजदूरी करने के लिये जा रही थी

बता दें कि सुनीता (38) पत्नी राजूराम निवासी गांव 15ए के बेटे मनीष (18) ने बताया कि उसके मां-बाप मजदूरी का काम करते हैं और वह भी मजदूरी का काम करता है। उसकी मां सुनीता आज सुबह घर से मजदूरी करने के लिए निकली थी और गांव 15 ए के बस स्टैंड पर गांव 7 एमडी जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थी। इस दौरान यह हादसा हो गया। सुनीता की 16 वर्षीय एक बेटी अंजलि भी है। इस हादसे की जानकारी मिलने के बाद काफी संख्या में ग्रामीण अनूपगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचे और परिवार को ढांढस बंधाया।