May 20, 2024

गैस सिलेंडर में आग लगने से झुलसी महिला : हाथ-पैर और कमर बुरी तरह से जले, गंभीर हालत में बीकानेर रेफर

चूरू। चूरू जिले के राजलदेसर थाना क्षेत्र में गैस चूल्हा भभकने से महिला झुलस गई। परिजनों ने महिला को झुलसी हालत में राजलदेसर सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत में चूरू के डीबी अस्पताल रेफर कर दिया। आग से महिला के हाथ-पैर और कमर बुरी तरह से झुलस गए हैं। महिला के ज्यादा झुलसने से उसको बीकानेर रेफर कर दिया गया है।
महिला के बेटे वाशिद ने बताया कि उसकी मां जेबुनिशा (55) शनिवार सुबह रसोई में नहाने के लिए पानी गर्म करने गई थी। रसोई में गैस चूल्हे पर पानी गर्म करने के लिए जब गैस चालू किया तो सिलेंडर में आग लग गई। आग लगने से उसकी मां के हाथ-पैर, चेहरे और बाल बुरी तरह झुलस गए। शोर मचाने पर तुरंत परिवार के लोगों ने आग बुझाई और झुलसी हालत में राजलदेसर सीएचसी में पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर प्राथमिक इलाज के बाद चूरू के डीबी अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी से कॉन्स्टेबल दयाराम ने पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। महिला को चूरू से बीकानेर रेफर कर दिया गया है।