May 19, 2024

महिला को चाकू मार बालियां लूटीं, घर से थोड़ी दूरी पर 4 बदमाशों ने घेर कर किया हमला

श्रीगंगानगर। जिले के जैतसर थाना क्षेत्र के गांव तीन जेकेएम में रविवार दोपहर बाद बदमाशों ने एक महिला पर चाकू से हमला कर उसके कानों में पहनी सोने की बालियां लूट लीं। महिला जब तक शोर मचाती बदमाश फरार हो गए। बदमाशों ने महिला पर चाकू से इतना तेज वार किया कि वह गंभीर घायल हो गई। उसे श्रीबिजयनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। दिन-दहाड़े हुई वारदात से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। उनका कहना है कि छोटे से गांव में इस तरह की वारदात होना बेहद चिंता का विषय है।

गांव तीन जेकेएम की महिला गुरप्रीत (30) अपने परिवार के साथ गांव तीन जेकेएम में रहती है। वह रविवार दोपहर किसी काम से अपने घर से थोड़ी दूरी पर गई थी। इसी दौरान चार बदमाशों ने उसे घेर लिया। उन्होंने उसे धमकाते हुए उस पर हमला कर दिया। इससे गुरप्रीत गंभीर घायल हो गई। उस पर चाकू से वार कर बदमाशों ने उसके कानों में पहनी बालियां छीन लीं। गुरप्रीत जब तक शोर मचाती बदमाश फरार हो चुके थे। गुरप्रीत के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। इन लोगों ने जैतसर पुलिस को सूचना दी। महिला को श्रीबिजयनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया। जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। ग्रामीणों ने अस्पताल में बताया कि हमला करने वाले चार थे। इस संबंध में रात ंनौ बजे तक कोई केस दर्ज नहीं हुआ था।

मजदूरी करता है महिला का पति

महिला गांव तीन जेकेएम में पति और एक बेटे व बेटी के साथ रहती है। घटना के समय महिला का पति मेहनत मजदूरी करने के लिए गया हुआ था जबकि दोनों बच्चे घर पर ही थे। गांव तीन जेकेएम श्रीबिजयनगर के नजदीक है लेकिन थाना क्षेत्र जैतसर है। रविवार देर शाम तक मामला दर्ज करवाने की कार्रवाई जारी थी।