May 7, 2024

सांसद के गनमैन ने पड़ोसी मां-बेटे को मारी गोली : महिला की मौत; ताश खेलने से टोका, नहीं माने तो सर्विस रिवॉल्वर से की फायरिंग

भरतपुर। भरतपुर सांसद रंजीता कोली के गनमैन (राजस्थान पुलिस का सिपाही) ने पड़ोस में रहने वाली महिला की हत्या कर दी। ताश खेलने को लेकर विवाद हुआ और गनमैन ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से मां-बेटे पर फायरिंग कर दी। बेटा गंभीर रूप से घायल है। उसे जयपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद गनमैन ने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। मामला भरतपुर के वैर इलाके का है।
बयाना थाना इंचार्ज हरि नारायण मीना ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 5 बजे वैर थाना इलाके के उमरेड़ गांव में सांसद रंजीता कोली के गनमैन कॉन्स्टेबल नितेश ने पड़ोस में रहने वाली जमना बाई (60) और उसके बेटे साहब सिंह (40) पर अपनी सर्विस रिवॉल्वर से 7 राउंड फायर कर दिए।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी लोगों को डरा धमका कर फरार हो गया। इसके बाद लोगों ने घायलों को वैर सीएचसी भिजवाया। वहां से दोनों को भरतपुर के आरबीएम ले जाया गया। आरबीएम में जमना देवी को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल साहब सिंह को जयपुर रेफर किया गया है।
सांसद रंजीता कोली इन दिनों दिल्ली में हैं। ऐसे में गनमैन नितेश को छुट्‌टी दी गई थी। वह अपने गांव उमरेड़ आया हुआ था। जानकारी के मुताबिक गुरुवार शाम साहब सिंह समेत कुछ लोग नितेश के घर के बाहर बैठकर ताश खेल रहे थे। नितेश ने उनको ताश खेलने से रोका। वो लोग नहीं माने। इसके बाद नितेश की उन लोगों से कहासुनी हो गई।
कहासुनी बढ़ते-बढ़ते बात गाली-गलौज तक पहुंच गई। इसके बाद साहब सिंह पक्ष ने नितेश के घर पथराव कर दिया। उधर से भी परिवार के लोगों ने पत्थर चलाए। इसी दौरान एक पत्थर साहब सिंह के पिता ध्रुव सिंह को लग गया। बात बढ़ी तो नितेश घर के अंदर से सर्विस रिवॉल्वर ले आया। इसके बाद उसने फायर करना शुरू कर दिया, जिसमें पड़ोसी जमना देवी और उसके बेटे साहब सिंह को गोली लग गई।
पीड़ित पक्ष के हरचंद ने बताया कि आरोपी ने एक के बाद एक 7 गोलियां चलाईं। इसके बाद वह मारपीट कर भाग गया। वैर सीएचसी के चिकित्सक डॉ. बबलू शर्मा ने बताया कि घटना में जमुना देवी के सीने में और साहब सिंह के पेट में एक-एक गोली लगी। साहब सिंह के पेट में गोली आर-पार निकल गई।
वारदात के बाद आरोपी कॉन्स्टेबल देर शाम खुद बयाना थाने पहुंच गया। वहां उसने अपना गुनाह कबूल करते हुए सरेंडर कर दिया। साहब सिंह के पिता ध्रुव सिंह भी इस हमले में घायल हो गए हैं। उनके जबड़े पर पत्थर लगा है। ध्रुव सिंह का कहना है कि आरोपी ने 5 महीने पहले भी उनके परिवार पर हमला किया था।
बयाना थाना इंचार्ज हरि नारायण मीना ने बताया कि आरोपी कॉन्स्टेबल को हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। सीएचसी से रेफर करने के दौरान सूचना मिलने पर सीओ निहाल सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने भी केस से संबंधित जानकारी ली।