May 20, 2024

खेत में काम कर रहे दंपती पर मधुमक्खियों का हमला : दोनों की हालत गंभीर, अस्पताल में चल रहा इलाज

चूरू। जिले के देराजसर गांव में खेत पर काम कर रहे दंपती पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले से घायल पति-पत्नी को परिवार के लोगों ने डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों का इलाज किया।
अस्पताल में दंपती के परिजनों ने बताया कि देराजसर निवासी सुमेर (35) और उसकी पत्नी नोजा देवी गांव के एक खेत में सरसों काट रहे थे। सरसों काटते समय अचानक कहीं से सैंकड़ों मधुमक्खियों का झुंड वहां आ गया। झुंड ने दोनों पति-पत्नी पर हमला कर दिया। नोजा देवी मधुमख्खियों के काटने से चिल्लाने लगी। उसको बचाने के लिए जब सुमेर आया तो मधुमक्खियों ने उसके ऊपर भी हमला कर दिया। मधुमक्खियों के काटने के कारण दोनों के चेहरे पर बहुत ज्यादा सूजन आ गया। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों ने दोनों का इलाज किया। वहीं डॉक्टरों का कहना है कि दोनों की हालत स्थिर बनी हुई है। दोनों के सामान्य होने में समय लगेगा। दोनों का इलाज कर दोनों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल में लोगों की भीड़ जमा हो गई।