May 20, 2024

भजन लाल का ऐसा है मंत्रिडमंडल, नजर आई ‘सोशल इंजीनियरिंग’

जयपुर। भजन लाल सरकार का नया मंत्रिमंडल तैयार हो गया है। राजभवन में 22 विधायकों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली, इनमें 17 चेहरे पहली बार मंत्री बने हैं। अगले साल लोकसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में पार्टी ने जातिगत समीकरण को साधने की कोशिश की है। मंत्रिमंडल में जाट, राजपूत, मूल ओबीसी और एसटी वर्ग को पूरी तरजीह दी गई है। डिप्टी सीएम दिया कुमारी सहित राजपूत समाज से तीन कैबिनेट मंत्री बनाए गए हैं। पार्टी ने राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और गजेंद्र सिंह खींवसर को कैबिनेट मंत्री बनाया है। इसी तरह जाट समाज को भजनलाल कैबिनेट में पूरी तरजीह मिली है। सरकार ने 4 जाट मंत्री बनाए हैं। इनमें 2 कैबिनेट, एक स्वतंत्र प्रभार और एक राज्य मंत्री बनाया गया है। पार्टी ने सुमित गोदारा कन्हैया लाल चौधरी को कैबिनेट, झाबर सिंह खर्रा को स्वतंत्र प्रभार और नावां से विजय सिंह चौधरी को राज्य मंत्री बनाया है।

आदिवासी वर्ग को मिली तरजीह

आदिवासी वर्ग को भी मिला भजनलाल शर्मा कैबिनेट में पूरी तरजीह दी गई है। इस वर्ग के किरोड़ी लाल मीणा, बाबूलाल खराड़ी और हेमंत मीना को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। गुर्जर जाति से सिर्फ जवाहर सिंह बेढम को राज्य मंत्री बनाया गया हैं

मूल ओबीसी के चार मंत्री

मूल ओबीसी वर्ग से भी चार कैबिनेट मंत्री बनाए गए हैं। कुमावत समाज से जोराराम कुमावत, जैतारण से अविनाश गहलोत, लूणी से विधायक जोगाराम पटेल को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। इसी तरह पुष्कर से विधायक सुरेश सिंह रावत को भी कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। सांगोद से विधायक हीरालाल नागर को स्वतंत्र प्रभार मंत्री, ओटाराम देवासी को राज्य मंत्री और गुढ़ामलानी से के.के. विश्नोई को राज्य मंत्री पद की शपथ दिलाई गई है।

अब एससी से दो कैबिनेट और एक राज्यमंत्री

एससी वर्ग से डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा सहित दो कैबिनेट मंत्री और एक राज्य मंत्री बनाया गया है। मदन दिलावर को जहां कैबिनेट मंत्री पद की शपथ दिलाई गई है, वहीं मंजू बाघमार को दलित महिला के तौर पर राज्य मंत्री बनाया गया है।

केवल एक संत को जगह, यादव शामिल नहीं

भजनलाल शर्मा कैबिनेट में यादव चेहरे को मंत्रिमंडल में जगह नहीं दी गई है। बाबा बालक नाथ और जसवंत यादव मंत्री पद के प्रबल दावेदार थे, मगर दोनों को ही मंत्री नहीं बनाया गया है। हालांकि जसवंत यादव को वसुंधरा राजे का नजदीकी माना जाता है।