May 20, 2024

बीकानेर से खबर : भुट्टा चौराहे के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिले युवक के शव की हुई पहचान, जांच में जुटी पुलिस

बीकानेर। सदर थाना क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। मृतक की अब तक शिनाख्त श्रीगंगानगर के सरवन कुमार पुत्र दमन सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। मृतक का शव पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां से मोर्चरी में रखवाया गया। जानकारी के अनुसार भुट्टा चौराहे के पास कब्रिस्तान है। इसी के आसपास एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। उसका मर्डर किया गया है या फिर यहीं पर मौत हो गई? इसका पता लगाया जा रहा है। फिलहाल सदर थाना प्रभारी सुरेंद्र पचार मौके पर पहुंच गए हैं। वहीं अन्य आला अधिकारी भी पहुंच रहे हैं। एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। मृतक के शरीर पर बाहर से खून के निशान नहीं है, फिर भी पुलिस इसकी तहकीकात कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी देखे जा रहे हैं ताकि पता चल सके कि उसकी मौत कैसे हुई है। घटना के बारे में किसी पुलिस अधिकारी से अब तक संपर्क नहीं हो पाया है। अभी ये पता लगाया जा रहा है कि सरवन सिंह बीकानेर क्यों आया था और वो यहां कैसे पहुंचा? उसके पास मिले सामान की भी छानबीन की जा रही है। अब तक पुलिस की ओर से इस बारे में कोई बयान नहीं दिया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर खिदमतगार खादिम सोसायटी के सदस्य हाजी जाकिर, हाजी नसीम, असहाय सेवा संस्थान के ताहिर हुसैन और राजकुमार खडग़ावत ने शव को पहले पीबीएम अस्पताल और बाद में मोर्चरी में रखवाया। ये ही संस्थायें बीकानेर में हादसे होने पर सबसे आगे रहती है।