May 17, 2024

बीकानेर / शादी वाले घर में हुई चोरी, अलमारी से सोने के आभूषण हुए पार
बीकानेर। लूणकरनसर कस्बे में शुक्रवार रात एक घर से आलमारी में रखे सोने के आभूषण चोरी हो गये। मकान मालिक अपने ही बेटे की बारात में गए हुए थे। घर की महिलाओं ने सुबह देखा तो चोरी का पता चला। इसी घर में पिछले दो-तीन दिन में एक मोबाइल और पर्स भी चोरी हुए थे। अब पुलिस ने मौका मुआयना किया है। लूणकरनसर के वार्ड संख्या सात में रहने वाले भूप सिंह नाई के बेटे अमित की शादी शुक्रवार को थी। शुक्रवार रात बारात लेकर हरियाणा के ऐलनाबाद गए थे। जहां से शनिवार सुबह लौटे। घर की कुछ महिलाएं शादी में नहीं गई थी। जिस कमरे में चोरी हुई है, उसी कमरे में तीन महिलाएं सो रही थी। सुबह सात बजे उठने पर पता चला कि पर्स बाहर पड़ा है। इसे संभाला तो पर्स में रखे आभूषण गायब थे। एक महिला भूप सिंह की पत्नी रेणू और दो अन्य महिलाएं इसी कमरे में सो रही थी। जिस पर्स से सामान चोरी हुआ है वो भूप सिंह की भांजी बबिता पत्नी अजय कुमार का हैं। उसी ने एक आलमारी में गहने रख दिए थे लेकिन आलमारी को मजबूती से बंद नहीं किया था। ऐसे में चोर को मौका मिला गया। बताया जा रहा है कि इसी घर से दो दिन पहले एक मोबाइल भी चोरी हो गया था। वहीं रसोईए का पर्स भी कोई उठाकर ले गया। घटना की जानकारी मिलने के साथ ही लूणकरनसर पुलिस मौके पर पहुंच गई है। चोरी वाली आलमारी की जांच करवाई जा रही है, वहीं ये भी पता लगाया जा रहा है कि पिछले तीन चार दिन से कौन संदिग्ध इधर घूम रहा है।