April 27, 2024

भाजपा प्रत्याशी को भाषण देने से रोका, सीपी जोशी के सामने विधायक और जिलाध्यक्ष के बीच हुआ विवाद

श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रियंका बैलान की सभा में विवाद हो गया। शहर के नेहरू पार्क में बुधवार को प्रियंका जब सभा को संबोधित करने पहुंचीं तो पार्टी जिलाध्यक्ष शरणपाल सिंह ने उन्हें रोक दिया। इस पर सादुलशहर विधायक गुरवीर बराड़ ने कहा- पार्टी की कैंडिडेट हैं, संबोधित तो करेंगी। इस दौरान मंच पर पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, माटी कला बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद राय टाक सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

करीब 11 बजे नामांकन सभा शुरू हुई। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी शाम करीब चार बजे मंच पर पहुंचे। दोपहर करीब ढाई बजे तक नामांकन करने के बाद प्रियंका बैलान भी मंच पर पहुंच चुकी थीं। प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी को चार बजे श्रीगंगानगर पहुंचकर कुछ देर बाद ही जयपुर लौटना था। ऐसे में जिलाध्यक्ष तुरंत उनका संबोधन करवाना चाहते थे।

प्रदेशाध्यक्ष के पहुंचने के बाद ही पार्टी कैंडिडेट बैलान का संबोधन होना था। बैलान के डायस पर पहुंचते ही जिलाध्यक्ष शरणपाल सिंह ने उन्हें संबोधन से रोक दिया। इस पर विधायक गुरवीर बराड़ ने माइक संभाला और कहा कि पार्टी कैंडिडेट हैं ये तो बोलेंगी। इस बात पर दोनों के बीच तनातनी हो गई। विवाद बढ़ता देख विधायक बराड़ के समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। मंच पर मौजूद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बीच-बचाव कर सबको शांत कराया। प्रियंका ने सीपी जोशी से पहले सभा को संबोधित किया।