May 18, 2024

जयपुर। अलवर लोकसभा सीट के भाजपा उम्मीदवार इस वीडियो में डॉ.जसवंत सिंह यादव खुले आम धर्म के आधार पर वोट मांगते नजर रहे हैं। यह वीडियो अलवर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत बहरोड़ विधानसभा क्षेत्र के गांव ढूंढ़ारिया का बताया जा रहा है। यहां गांव में चुनाव प्रचार के दौरान श्रम मंत्री डॉ. जसवंत सिंह यादव खुलेआम धर्म के नाम पर वोट मांग रहे हैं। प्रचार के दौरान ग्रामीणों को दिए भाषण में उन्होंने कहा कि जो हिंदू हैं, वो भाजपा को वोट दें और जो मुस्लिम हैं, वो कांग्रेस के डॉ.करण सिंह यादव को वोट दें। डॉ. जसवंत यादव ने इस दौरान एक घटना का जिक्र करते हुए कहा जब वे मेवात के गांवों प्रचार करने गए, तो मेव समाज के लोगों ने साफ तौर पर भाजपा को वोट नहीं देने की बात कही। डॉ. जसवंत सिंह के अनुसार मेवों का कहना है कि भाजपा हिंदुओं की पार्टी है, इसलिए वे उसे वोट नहीं देंगे। डॉ. जसवंत यादव वीडियो में यह भी दावा करते नजर आ रहे हैं कि मेवों ने उन्हें वोट देने का भरोसा दिलाया। यह वोट उन्हें उनके काम के लिए देंगे। इसके बाद डॉ. जसवतं यादव ने विवादित बात कही और फिर सभा समाप्त हो गई। इसके बाद एक कार्यकर्ता ने भाषण दिया, वह भी विवादित था। दरअसल, इस कार्यकर्ता ने कहा कि जब डॉ. जसवंत सिंह यादव नामांकन दाखिल करने जाए, उस वक्त गाड़ी लेकर आए। कितनी भी गाडिय़ां ला सकते है, वो सबका किराया देंगे। यह बयान चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन बताया जा रहा है।