May 14, 2024

सीएम अशोक गहलोत का टीचरों को बड़ा तोहफा, एक बड़ी मांग को दी मंजूरी, खुशी से झूमे टीचर

जयपुर। टीएसपी एरिया के टीचर्स की एक बड़ी मांग को राजस्थान सीएम अशोक गहलोत ने स्वीकार कर लिया है। सीएम अशोक गहलोत ने टीएसपी एरिया के टीचर्स को नॉन टीएसपी में स्थानान्तरित व समायोजित करने के प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है। इस जानकारी के बाद टीएसपी क्षेत्र में कार्यरत टीचर खुशी से झूम रहे हैं। टीएसपी क्षेत्र के टीचर इस मांग को एक लम्बे समय से मांग रहे थे। सीएम अशोक गहलोत ने टि्वटर यह जानकारी दी।

सीएम अशोक गहलोत ने अपने ट्वीट पर लिखा कि, लंबे समय से TSP क्षेत्र में कार्य कर रहे Non-TSP क्षेत्र के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण मांग को पूरा करते हुए प्रारंभिक एव माध्यमिक शिक्षा के अनुसूचित क्षेत्र (TSP एरिया) में कार्यरत अध्यापक लेवल-1 एवं 2 के 1903 अध्यापकों का दिए गए विकल्प की प्राथमिकता अनुसार गैर अनुसूचित क्षेत्र (Non-TSP) में समायोजन के आदेश जारी किए गए हैं। इन रिक्त पदों पर अब TSP क्षेत्र के निवासियों की भर्ती वर्तमान में चल रही भर्ती प्रक्रिया से की जाएगी। सभी समायोजित शिक्षकगणों को शुभकामनाएं।

जल्दी ही 1903 नॉन टीएसपी क्षेत्र के शिक्षकों अपने जिलों में होंगे ट्रांसफर
सीएम गहलोत की मंजूरी के बाद 1903 नॉन टीएसपी क्षेत्र के अध्यापक का अब अपने जिलों में ट्रांसफर हो सकेगा। पूर्व में नॉन टीएसपी क्षेत्र के 1903 अध्यापकों को टीएसपी क्षेत्र में लगाया गया था। जिसके बाद से ये शिक्षक वर्षों से टीएसपी क्षेत्र में है। अब सरकार टीएसपी क्षेत्र के लिए बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ और सिरोही में शिक्षकों की नई भर्ती कर रही है। इससे जल्दी ही 1903 नॉन टीएसपी क्षेत्र के शिक्षकों का अपने जिलों में ट्रांसफर हो सकेगा।

तय संख्या में ही ट्रांसफर व समायोजन होगा
माध्यमिक शिक्षा निदेशक कानाराम ने बताया कि माध्यमिक व प्रारम्भिक शिक्षा के अलग-अलग जिलों में तय संख्या में ही ट्रांसफर व समायोजन किया जाएगा। इसमें बांसवाड़ा से 202, चित्तौड़गढ़ से 12, डूंगरपुर से 160, उदयपुर से 760, प्रतापगढ़ से 424, राजसमंद से 47, सिरोही से 218 और पाली से 132 टीचर्स का समायोजन नॉन टीएसपी एरिया में किया जाएगा।

मुख्यमंत्री गहलोत एक और चुनावी दांव
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत लगातार प्रदेश के सभी वर्गों को साधने की कोशिश में लगे हुए हैं। और उनके इस फैसले को भी आगामी विधानसभा चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है। राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 इस वर्ष दिसम्बर तक होने की संभावना है।