May 5, 2024

शहर जिला महिला कांग्रेस के नेतृत्व में धरने पर बैठी महिलायें
शहीद स्मारकों व पट्टिकाओं की नहीं हो रही कद्र
बीकानेर।
शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर आज शहर जिला महिला कांग्रेस की ओर से नगर निगम में धरना देकर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गौड़ व नेता प्रतिपक्ष जावेद पडि़हार के नेतृत्व में निगम आयुक्त का घेराव कर उन्हें शहर की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की। इस दौरान जिलाध्यक्ष सुनीता गौड़ ने बताया कि शहर में पिछले लम्बे समय से चल रही आवारा पशुओं के विचरण करने की समस्या को निगम हल नहीं कर पाया है। आये दिन पशुओं के कारण दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही सर्वोदय बस्ती निवासी को आवारा पशु से दुर्घटनाग्रस्त होने पर उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस पर उन्होंने मृतक के परिजनों को शीघ्र मुआवजा राशि व शहर से बाहर गोचर में गौशाला निर्माण करवाकर आवारा पशुओं को रखने की मांग की।
महिला कांग्रेस की ओर से दिए गए ज्ञापन में बताया कि शहर में शहीदों की याद में स्मारक एवं पट्टिकायें तो बनवाई गई है लेकिन इनकी देखरेख के लिए निगम की ओर से अनदेखी का रवैया अपनाया जा रहा है। शहीद स्मारकों पर जगह-जगह कचरा बिखरा पड़ा है, फव्वारे बंद दुरुस्तीकरण के अभाव में बंद है, शिलालेख पट्टिकाएं भी क्षतिग्रस्त अवस्था में है जिस पर निगम प्रशासन की ओर से दुरुस्तीकरण के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। ज्ञापन में बताया कि मेजर पूर्णसिंह सर्किल, स्वतंत्रता सेनानी स्व. अम्बालाल माथुर मार्ग, स्व. पन्नालाल बारूपाल सर्किल एवं मुख्य चौराहों पर अनदेखी के कारण जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए है जिन पर लम्बे समय से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की स्मृति में बनवाया गया जवाहर पार्क, स्व. इंदिरा गांधी व स्व. राजीव गांधी की प्रतिमा स्थल पर चहुंओर गंदगी का आलम है।
समस्याओं से आमजन त्रस्त
नेता प्रतिपक्ष जावेद पडि़हार ने बताया कि शहर के विभिन्न वार्डों में सीवरेज चौक होने व स्ट्रीट लाईटें बंद रहने की समस्या के लिए बार-बार अवगत कराये जाने के बाद भी हल नहीं हो पा रही है। शहर के नाले व सीवरेज की नियमित रूप से अधिकारियों द्वारा मॉनिटरिंग नहीं की जा रही है जिसका नतीजा है कि आये दिन इस प्रकार की समस्यायें सामने आ रही है।