April 28, 2024

सीकर./रामगढ़ शेखावाटी. राजस्थान के सीकर जिले के रामगढ़ शेखावाटी की खरीटा की ढ़ाणी में चाचा-भतीजे के मामूली विवाद में सिर पर कुल्हाड़ी लगने से भतीजे की मौत हो गई। विवाद के दौरान चाचा भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पुलिस की निगरानी में चूरू के भरतीया अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। रामगढ़सेठान पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फतेहपुर पुलिस उपाधीक्षक ओमप्रकाश किलानियां ने बताया कि रामगढ़ शेखावाटी के निकटवर्ती खरीटा की ढ़ाणी के रोशनलाल ने मामला दर्ज कराया कि उसका भाई सुरेश कुमार अपने रिश्ते में चाचा के घर गया हुआ था। रात्रि को करीब सवा सात बजे अचानक चाचा भंवरलाल के घर चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। दोनों के बीच में मामूली बात को लेकर कहासुनी हो गई।

तब उसने भंवरलाल के घर में जाकर देखा तो उसका भाई घर के चौक में घायल पड़ा हुआ था। सुरेश कुमार के सिर से काफी खून बह रहा था। वहीं उसका चाचा भी चोटिल था। दोनों को परिजन चूरू में भरतीया अस्पताल में लेकर गए। गंभीर अवस्था में होने पर उसके भाई सुरेश को जयपुर रैफर किया। सुरेश को उपचार के लिए ले जाते समय उसकी रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घटना स्थल पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। पुलिस टीम ने जांच कर सबूत जुटाए । थानाधिकारी उमाशंकर ने बताया कि चूरू में जाकर हत्या के आरोपित भंवरलाल को भर्ती करवाया गया है। उससे पूछताछ की गई है। अस्पताल में निगरानी के लिए कांस्टेबल तैनात कर दिए गए है।

ट्रक पर मजदूरी करता था मृतक
मृतक सुरेश कुमार ट्रक पर मजदूरी किया करता था। मृतक के दो पुत्र है। मृतक का छोटा पुत्र मुकेश कुमार अलवर जिला के भिवाड़ी में नौकरी करता है। अपने पिता के झगड़े में घायल होने की सूचना पर वह रात्रि में ही भिवाड़ी से रवाना होकर अल सुबह पांच बजे ही रामगढ़ पहुंच गया था। आपसी झगड़े में मृतक सुरेश कुमार की मौत होने पर पुलिस ने रात को करीब दो बजे शव को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में रखवा दिया। मृतक के शव का पोस्टमार्टम गुरूवार दोपहर को तीन बजे शुरू होने के कारण परिजनों को शव चार बजे सौंपा गया। पोस्टमार्टम की देरी के कारण परिवार जन को चौदह घंटा तक शव नहीं मिला।