May 19, 2024

नई दिल्ली. बिहार चुनाव की घोषणा हो गई है। चुनाव तीन चरणों में होगा। 28 अक्टूबर को होगा पहले चरण का मतदान। 3 नवंबर को दूसरे चरण व 7 नवंबर को तीसरे चरण का मतदान होगा। इसके साथ ही 10 नवंबर को चुनाव परिणाम आएंगे। पहले चरण में 16 जिलों और 71 सीटों पर चुनाव। दूसरे चरण में 17 जिलों के 94 सीटों पर चुनाव होगा। तीसरे चरण में 15 जिलों में 78 सीटों पर चुनाव होगा। पहले चरण की अधिसूचना 1 अक्टूबर को जारी होगी। नामांकन की आखिरी तारीख 8 अक्टूबर है। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने कोरोना के चलते बिहार चुनाव टालने को लेकर लगाई याचिका खारिज कर दी है। कोर्ट ने कहा कि कोरोना के चलते एक राज्य के चुनाव को टाला नहीं जा सकता। कोर्ट चुनाव आयोग को निर्देश नहीं दे सकता। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि चुनाव के दौरान सोशल मीडिया का इस्तेमाल भी एक चुनौती है। सोशल मीडिया पर कोई भी अगर समाज में तनाव पैदा करने की कोशिश करता है तो उसपर कानूनी कार्रवाई होगी। सभी मतदान केंद्र ग्राउंड फ्लोर पर ही होंगे। उम्मीदवारों के बारे में जानकारी वेबसाइट पर देनी होगी। उम्मीदवारों पर केस की जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।

कोविड के चलते नए सुरक्षा मानकों के तहत होंगे चुनाव
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा कि कोविड के चलते नए सुरक्षा मानकों के तहत चुनाव होंगे। पोलिंग बूथ पर मतदाताओं की संख्या घटाई जाएगी। एक बूथ पर 1 हजार मतदाता होंगे। 7 लाख हैंड सैनेटाइजर, 6 लाख पीपीई किट्स, 7,6 लाख बेड्सशीट, 23 लाख हैंड ग्लब्स का इंतजाम किया गया है। 7 लाख से ज्यादा हैंड सैनिटाइजर और 46 लाख से ज्यादा मास्क उपलब्ध करवाए जाएंगे।

बिहार चुनाव में इसबार एक लाख से ज्यादा पोलिंग स्टेशन
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा कि चुनाव आयोग बिहार विधानसभा चुनावों की घोषणा करने के लिए यहां है। बिहार में कुल 243 सीटों पर चुनाव होना है। कोरोना के दौर में पहला बड़ा चुनाव होने जा रहा है। चुनाव नागरिकों का लोकतांत्रिक अधिकार है। इसलिए चुनाव कराने जरूरी हैं। बिहार चुनाव में इसबार एक लाख से ज्यादा पोलिंग स्टेशन होंगे।
लोगों के हेल्थ और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा
कोरोना काल में लोगों के हेल्थ और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। चुनाव आयोग ने इसके लिए काफी तैयारी की है। चुनाव कार्यक्रम को भी इसी को ध्यान में रखकर बनाया गया है। राज्यसभा चुनाव और विधान परिषद चुनावों में हमने ऐसा किया है।

कोरोना मरीज वोटिंग के आखिरी घंटे में वोट डाल पाएंगे
एक बूथ पर सिर्फ 1,000 मतदाता ही मतदान कर पाएंगे। कोरोना मरीज वोटिंग के आखिरी घंटे में वोट डाल पाएंगे।
सुबह 7 बजे से शाम के 6 बजे तक होगी वोटिंग
बिहार विधानसभा चुनाव में कुल 7 करोड़ से ज्यादा मतदाता अपने वोट का इस्तेमाल कर पाएंगे। बिहार विधानसभा चुनावों के लिए नामांकन ऑनलाईन और ऑफलाईन भरे जा सकते हैं। सुबह 7 बजे से शाम के 6 बजे तक होगी वोटिंग। मतदान का समय एक घंटा बढ़ा दिया गया है। नामांकन ऑनलाइन भी किया जा सकेगा। विधानसभा कैंडिडेंट समेत कुल 5 लोग ही डोर टू डोर कैंपेन में शामिल होंगे। 5 से ज्यादा लोग घर जाकर प्रचार नहीं कर पाएंगे।

चुनाव में कोविड प्रोटोकॉल का करना होगा पालन

कोरोना संकट आने के बाद देश में ये पहला चुनाव है लिहाजा निर्वाचन आयोग ने कोविड प्रोटोकॉल के मुताबिक, गाइडलाइन्स भी जारी की है। मतदान केंद्रों की तादाद भी डेढ़ गुना से ज्यादा बढ़ा दी गई है। मतदान कर्मियों की संख्या भी बढ़ाई गई है जबकि हर मतदान केंद्र पर मतदाताओं की तादाद घटा कर सीमित कर दी गई है। सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को मास्क लगाकर और सैनिटाइजर का इस्तेमाल करके आने को कहा गया है, लेकिन एहतियातन प्रत्येक मतदान केंद्र पर मास्क, हैंडफ्री सेनेटाइजिंग और शरीर का तापमान मापने के इंतजाम किए जा रहे हैं। मतदान शुरू होने से पहले बूथ को पूरी तरह से सैनिटाइज कर डिसइनफेक्ट करने की भी सख्त हिदायत दी गई है।

बिहार चुनाव के साथ होंगे देशभर में 64 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव

बता दें कि चुनाव आयोग ने इससे पहले साफ कर दिया कि बिहार में विधानसभा चुनाव 29 नवंबर से पहले संपन्न हो जाएंगे। बिहार विधानसभा के चुनाव के साथ-साथ 65 सीटों पर उपचुनाव भी होंगे। दरअसल, देश की एक लोकसभा और 64 विधानसभा सीटें रिक्त हैं। इन पर उपचुनाव को लेकर आज चुनाव आयोग की ओर से घोषणा हो सकती है। निर्वाचन आयोग ने तय किया गया कि विधानसभा चुनाव के साथ-साथ ही खाली सीटों पर उपचुनाव भी करा दिए जाएं। आयोग के मुताबिक, बिहार में नई विधान का गठन 29 नवंबर से पहले हो जाना है, लिहाजा उसी के मुताबिक विधानसभा चुनाव पूरे होने हैं। ऐसे में रिक्त हुई सीटों पर उपचुनाव भी बिहार विधानसभा के साथ ही होंगे।

इस बार वर्चुअल चुनाव प्रचार होगा
चुनाव आयोग ने बताया कि नामांकन के दौरान उम्मीदवार के साथ दो से ज्यादा वाहन नहीं जा सकते हैं। इस बार वर्चुअल चुनाव प्रचार होगा। बड़ी- बड़ी जनसभाएं नहीं की जा सकेंगी।