May 13, 2024

पेट्रोल पम्पों पर धड़ल्ले से चला रहे जाली नोट, आप तेल डलवाने जाएं तो बरतें सावधानी

झुंझुनू। शेखावाटी सहित पूरे राजस्थान में जाली नोट चलाने वाला गिरोह सक्रिय है। यह गिरोह अनेक तरीकों से जाली नोट चला रहा है। शेखावाटी में गिरोह के सदस्य पेट्रोल पम्पों व दुकानों पर जाली नोट ज्यादा चला रहे हैं।
कई बार गिरोह के सदस्य पकड़े भी गए, वहीं कई बार खुद संचालकों को पता ही नहीं लगा कि नोट जाली हैं या सही। नकली नोट चलाने के लिए गिरोह के सदस्य शाम के बाद का समय चुन रहे हैं, ताकि प्रकाश कम होने के कारण नोट साफ दिखाई नहीं दे। गिरोह के सदस्य दिल्ली, हरियाणा व अन्य जगह से जाली नोट ला रहे हैं।

सबसे ज्यादा सीकर व जयपुर में
वर्ष 2021 में जाली नोट चलाने के सबसे ज्यादा प्रकरण, जयपुर, सीकर, जालौर, नागौर, पाली व उदयपुर में दर्ज किए गए थे।

बरत रहे सावधानी
दो नंबर रोड पर पेट्रोल पम्प के मैनेजर बाबूलाल राजोरिया ने बताया कि नकली नोट के मामले सामने आने के बाद सभी स्टाफ को नोट पहचानने की विशेष ट्रेनिंग दी गई है। पिछले सप्ताह भी एक व्यक्ति दो सौ रुपए का नकली नोट लेकर आया था, लेकिन वह मोटरसाइकिल लेकर भाग गया। कैमरे में वह कैद भी हो गया।

इनका कहना है-
जिले में जाली नोटों के ज्यादा मामले सामने नहीं आए है। नवलगढ़ में जले हुए नोट मिले थे। नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। बैंक अधिकारियों के साथ मिलकर पूरी निगरानी रखी जा रही है।
-प्रदीप मोहन शर्मा, एसपी झुंझुनूं