May 13, 2024

सरपंच अब अध्यक्ष और उपसरपंच कहलायेंगे उपाध्यक्ष, सरकार ने जारी किए आदेश

सीकर/अजीतगढ़़। राजस्थान के सीकर जिले की अजीतगढ़ व दांतारामगढ़ के सरपचं अब अध्यक्ष और उप सरपंच उपाध्यक्ष कहलाएंगे। वहीं, वार्ड पंचों का पदनाम भी बदल दिया गया है। अब वे पंच की जगह वार्ड सदस्य कहलाएंगे। राज्य सरकार के स्वायत शासन विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। जो तुरंत प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। दरअसल अजीतगढ़ व दांतारामगढ़ ग्राम पंचायत को राज्य सरकार के हालिया बजट में नगर पालिका घोषित किया थाथा। जिसकी पालना में अब दोनों पंचायत को पालिका घोषित कर दिया गया है। जिनके पदाधिकारियों का पदनाम भी बदल दिया गया है। स्वायत शासन विभाग के निदेशक व संयुक्त सचिव ह्रदेश कुमार शर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। दोनों पंचायतों की पालिका घोषणा के बाद क्षेत्र में अब विकास की उम्मीदें व संभावना बढ़ गई है।

जिले में अब 11 नगर पालिका
दो नई पालिकाओं की घोषणा के साथ सीकर जिले में अब कुल 11 नगर पालिकाएं हो गई है। जिले में फतेहपुर, लक्ष्मणगढ़, नीमकाथाना, खाटूश्यामजी, खंडेला, रींगस, श्रीमाधोपुर, लोसल व रामगढ़ शेखावाटी पहले से पालिका क्षेत्र है। अब दांतारामगढ़ व अजीतगढ़ जुडऩे से इनकी संख्या 11 हो गई है।

विधायकों की रही अहम भूमिका
अजीतगढ़ व दांतारामगढ़ को नगर पालिका बनाने में श्रीमाधोपुर विधायक दीपेन्द्र सिंह व दांतारामगढ़ विधायक चौधरी वीरेन्द्र सिंह की अहम भूमिका रही है। जिन्होंने बजट से पहले मुख्यमंत्री से इनकी मांग रखी थी। गौरतलब है कि अजीतगढ़ उपतहसील भी 2013 में दीपेन्द्र सिंह के विधानसभा अध्यक्ष रहते बनी थी।

विकास को लगेंगे पंख
नगर पालिका की घोषणा के साथ दांतारामगढ़ व अजीतगढ़ में विकास की उम्मीदें व संभावनाएं दोनों बढ़ गई है। ग्राम पंचायत के मुकाबले पालिका का बजट ज्यादा होने की वजह से दोनों जगह विकास को पंख लगेंगे। पालिका की घोषणा के साथ दोनों जगहों पर लोगों में खुशी का माहौल है।