May 9, 2024

पिता ने दीवार पर मारा मासूम का सिर : 15 महीने की बेटी की मौत; गणगौर पर ननिहाल आई पत्नी ने ससुराल जाने से किया था इनकार

नवलगढ़ (झुंझुनूं)। गणगौर पर ननिहाल आई पत्नी ने ससुराल जाने से इनकार किया तो पति आग-बबूला हो गया। उसने 15 महीने की बेटी को उठाकर दीवार से मारा। बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सनकी पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला झुंझुनूं के नवलगढ़ का है।

सगी बहनों से हुई थी शादी
नवलगढ़ सीआई सुनील शर्मा ने बताया कि कैलाश (38) झुंझुनूं के उदयपुरवाटी स्थित नवलगढ़ थाना इलाके के गिरधरपुरा गांव का रहने वाला है। कैलाश और उसके भाई जीवन (35) की शादी परसरामपुरा गांव की सगी बहनों कविता (23) और भारती (21) से 2021 में हुई थी। भारती का अपने पति जीवन से विवाद चल रहा था।
भारती का कहना था कि जीवन शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता है। इसलिए वह उसे छोड़कर अपने पीहर परसरामपुरा आ गई थी। कविता 10 दिन पहले अपने ननिहाल कैरू गांव गणगौर पूजने आई थी। रविवार को कैलाश पत्नी को लेने पहुंचा। कविता ने साथ चलने से इनकार किया और सहेलियों के साथ घर से बाहर चली गई।

गोद में खेल रही थी
कविता की नानी दुर्गा देवी ने कैलाश को कहा कि पहले भारती और उसके पति जीवन के विवाद को खत्म करो। उसके बाद दोनों बहनों को एक साथ भेजेंगे। इससे कैलाश नाराज हो गया। सुबह के करीब 10 बजे दुर्गा देवी की गोद में खेल रही अपनी बेटी ओजस्वी (15 महीने) को उठा लिया। कविता के पिता विजयपाल ने बच्ची को वापस लेने की कोशिश की, लेकिन कैलाश ने बच्ची को नहीं छोड़ा। दीवार पर बच्ची का सिर दे मारा। ओजस्वी की मौके पर ही मौत हो गई।
इतना सब होने के बाद कैलाश घबरा गया। उसने भागने की कोशिश की, पर मौके पर ही उसे लोगों ने पकड़ लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

रविवार सुबह किया था वॉट्सऐप मैसेज
कैलाश ने रविवार अलसुबह 3.50 बजे पत्नी कविता को वॉट्सऐप पर मैसेज भी किया था। कैलाश ने लिखा था- रिश्ते कल 11 बजे तक ही हैं, बाद में सब खत्म। इसके बाद सुबह 10 बजे वह अपने एक दोस्त के साथ कविता के ननिहाल केरू पहुंच गया था। कविता की नानी दुर्गा देवी का कहना है कि बाइक पर कैलाश के साथ उसका भाई जीवन और एक दोस्त कुल तीन लोग आए थे। कैलाश बिजली फिटिंग का काम करता है। भारती का पति जीवन टाइल्स लगाने का काम करता है।