May 16, 2024

पूर्व विधायक का सिर फोड़ा, अस्पताल में भर्ती

जोधपुर। लूणी के पूर्व भाजपा विधायक जोगाराम पटेल पर मंगलवार को हमला हो गया। पटेल धवा में उप प्रधान को लेकर जा रहे थे। लूणावास कला के निकट वाहनों में आए बदमाशों ने पथराव कर दिया। पत्थर जोगाराम के सिर पर आ लगा। घायल अवस्था में पटेल को धवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। वहां उनका प्राथमिक उपचार हुआ। वहां से उनको एम्स लाया गया है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे लूणावास कला के निकट करीब पांच कार में आए 5-6 अज्ञात लोगों ने सड़क पर पत्थर रखकर पूर्व विधायक की गाड़ी रोकने का प्रयास किया। गाड़ी में मौजूद जीते हुए उम्मीदवारों को बाहर निकालने में नाकाम रहे तो पथराव कर दिया। इस हमले में गाड़ी में मौजूद पूर्व विधायक जोगाराम के सिर में गहरी चोट आई है।

घायल पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि यह हमला सोची-समझी साजिश है। चुनावी रणनीति के तहत उनपर हमला हुआ है। आरोप है कि इस बार नवसृजित पंचायत समिति धवा में कांग्रेस का बोर्ड नहीं बना। पंचायत समिति में उपप्रधान भाजपा का शेराराम बना है। इसकी सियासी रंजिश के चलते रास्ता रोककर पूर्व विधायक जोगाराम पटेल पर हमला किया गया। फिलहाल अन्य किसी के इस हमले में घायल होने की जानकारी नहीं मिली है। हमला करने वाले कौन लोग थे, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। फिलहाल किसी भी पक्ष ने थाने में मुकदमा दर्ज नहीं कराया है। पूर्व विधायक का जोधपुर एम्स में इलाज चल रहा है।