May 15, 2024

8 महीने की गर्भवती ने फांसी लगाई, पति और ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप

अलवर। जिले के एनईबी के विजय नगर में 8 माह की गर्भवती महिला ने फांसी लगा ली। महिला की 9 माह पहले ही शादी हुई थी। उत्तरप्रदेश के झांसी से आए पीहर पक्ष ने पति व परिवार पर दहेज के लिए मारपीट और हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। घटना 6 सितंबर देर शाम की है। 7 सितंबर को परिजनों ने रिपोर्ट दी कि ससुराल वाले उनकी बेटी को पैसों के लिए परेशान करते थे और अब उसकी हत्या कर दी।

पहली पत्नी तलाक दे चुकी
पुलिस ने बताया कि भारती जांगिड़ की शादी एनईबी के विजय नगर निवासी नरेश जांगिड़ के साथ 30 नवंबर 2020 में हुई थी। भारती 8 माह की गर्भवती थी। परिजनों ने रिपोर्ट दी कि उसका पति व परिजन आए दिन भारती से मारपीट करते थे। ससुराल वाले 10 लाख रुपए की मांग करते थे। भारती ने परेशान होकर ने फांसी लगाई है।

पुलिस ने बताया कि युवक नरेश की पहली शादी अलवर के राजगढ़ में हुई थी। वह पहले ही तलाक देकर जा चुकी है। यह दूसरी शादी थी। शादी के 9 माह बाद ही दूसरी पत्नी ने फांसी लगा ली।

ससुराल वाले बोले- दहेज जैसी कोई बात नहीं
ससुराल वालों का कहना है कि पति-पत्नी में थोड़ा बहुत झगड़ा था, लेकिन दहेज जैसी कोई बात नहीं है। बहू के आत्महत्या करने से वो भी हैरान हैं।

पहली शादी भी पांच महीने की
पति नरेश की पहली शादी राजगढ़ में हुई थी। पहली पत्नी केवल 5 महीने में उसे छोड़कर चली गई थी। उसने भी मारपीट करने की शिकायत दी थी। नरेश लॉकडाउन से पहले एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करता था, जो कोरोना में चली गई।

पुलिस ने शव सौंपा
पुलिस ने बताया कि महिला ने सोमवार देर शाम को घर के कमरे में ही फांसी लगा ली थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शव को अस्पताल में रखवाया था। सुबह पीहर पक्ष के लोग पहुंचे। उन्होंने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज के लिए परेशान व मारपीट करने का मुकदमा दर्ज कराया है।