May 20, 2024

कोचिंग में छात्रा की चाकू मारकर हत्या : दोनों के बीच था अफेयर, प्रेमी ने घर जाकर जहर खाया

जयपुर/शाहपुरा। जयपुर के कोचिंग सेंटर में दिनदहाड़े चाकू से हमला कर वहीं पढ़ने वाले युवक ने छात्रा की हत्या कर दी। दोनों के बीच अफेयर था। लड़की से उसकी बात कई दिनों से नहीं हुई थी। इसी से वह नाराज था। उधर, आरोपी युवक वारदात के बाद अपने घर गया और जहर खा लिया। उसका इलाज चल रहा है।
जयपुर जिला मुख्यालय से करीब 55 किलोमीटर दूर मनोहरपुर में एकलव्य एकेडमी क्लासेज फॉर लाइब्रेरी सेंटर है। मनोहरपुर के थानाधिकारी मनीष शर्मा ने बताया कि इसी कोचिंग में अरनिया गांव की रहने वाली शोभा चौधरी (23) पुत्री कालूराम ​​​​पढ़ती थी। कोचिंग की लाइब्रेरी में रायसर स्थित गठवाड़ी का रहने वाला सुनील बागड़ी उर्फ सुरेंद्र मीणा (25) पढ़ने आता है। वहां के स्टूडेंट्स ने बताया कि शोभा और सुनील के बीच अफेयर था।

जान-पहचान कोचिंग में ही हुई थी
कोचिंग में पढ़ने वाले छात्रों ने बताया- दोनों की जान-पहचान कोचिंग में ही हुई थी। पिछले कुछ दिनों से फसलों की कटाई चल रही थी। इसमें शोभा के पिता व्यस्त थे। शोभा भी काम में हाथ बंटा रही थी। इसलिए पिछले करीब 10 दिन से वह कोचिंग नहीं आ पा रही थी। सुनील बार-बार उसे फोन कर रहा था। घर पर होने के कारण शोभा उससे बात नहीं कर पा रही थी। बार-बार कॉल आने के कारण उसे लगा कि कहीं घरवाले सारी बात जान न जाएं। इसलिए उसने सुनील को ब्लॉक कर दिया। इसके बाद सुनील ने शोभा की एक सहेली को 21 मार्च को फोन किया। उसने कहा कि शोभा से बात कराओ। सहेली ने बात कराने से इनकार कर दिया।

मामा के साथ पहुंची थी कोचिंग
मनोहरपुर के थानाधिकारी मनीष शर्मा ने बताया कि शनिवार सुबह करीब दस बजे शोभा अपने मामा के साथ कोचिंग गई थी। मामा को वह यह बोलकर ऊपर गई कि कोई फाइल है, उसे लेकर आती हूं। मामा नीचे ही खड़े थे। सुनील पहले से ही छत पर मौजूद था। करीब 5 मिनट बाद ही शोभा के चीखने-चिल्लाने की आवाज आई। सुनील ने शोभा पर चाकू से हमला कर दिया। वह लहूलुहान हो गई। उसे मनोहर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने रेफर कर दिया। इसके बाद उसे निम्स में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस को सुबह करीब साढ़े दस बजे हमले की सूचना मिली थी।

फाउंडेशन कोर्स कर रही थी शोभा
एकलव्य एकेडमी के संचालक धर्मपाल यादव ने बताया- शोभा सीईटी (कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट) की तैयारी कर रही थी। सुनील बागड़ी लाइब्रेरी में स्टडी करने आया करता था। घटना के बाद सुनील छत से कूदकर फरार हो गया था। एकेडमी में कंप्यूटर ऑपरेटर का काम देखने वाले अशोक बेनीवाल ने बताया- शनिवार को शोभा क्लास लेने क्लास रूम में नहीं आई थी, जबकि सुबह क्लास 7:30 से शुरू हो चुकी थी। जब शोभा एकेडमी में आई तो सीधे छत पर चली गई थी। सुनील शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे लाइब्रेरी में पढ़ने के लिए आ गया था, लेकिन बार-बार ऊपर-नीचे आ-जा रहा था।

अचानक छत से चीखने-चिल्लाने की आवाज आई
अशोक बेनीवाल ने बताया- घटना के दौरान मैथ पढ़ाने वाले रोहित यादव फाउंडेशन कोर्स के करीब 25 बच्चों की ग्राउंड फ्लोर पर क्लास ले रहे थे। दूसरी मंजिल पर करीब 20 बच्चे लाइब्रेरी में पढ़ाई कर रहे थे। तभी अचानक छत से चीख-पुकार की आवाज सुनाई दी। सभी छात्र छत की तरफ दौड़े। वहां शोभा चौधरी लहूलुहान हालत में नीचे पड़ी हुई थी।

घर पहुंचकर आरोपी ने जहर खाया
सुनील ने घटना के बाद जयपुर ग्रामीण क्षेत्र के रायसर स्थित गठवाड़ी अपने घर गया और जाकर जहर खा लिया। उसका निम्स हॉस्पिटल में इलाज जारी है। सुनील 2020 में पंचायत समिति जमा रामगढ़ की वार्ड संख्या-1 से अपने आप को कांग्रेस का दावेदार प्रत्याशी बताता था। उसे कोई टिकट नहीं मिला था।

12 साल पहले हो गया था बाल विवाह
शोभा चौधरी की शादी जयपुर जिले के चंदवाजी थाना क्षेत्र के गांव अरनिया निवासी राजू लील के साथ 2011 में हुई थी। इस दौरान उसकी दो बड़ी बहनों की शादी भी हुई थी। शादी के बाद शोभा अपने पिता के घर पर रह रही थी। अभी राजू लील व शोभा चौधरी का गौना नहीं हुआ था। शोभा चौधरी एकलव्य एकेडमी में करीब 6 महीने से सीईटी (कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट) की तैयारी करने आती थी। राजू लील भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। शोभा की दो बड़ी बहनों की शादी राजू लील के चाचा के बेटों से हुई है।