May 8, 2024

बाइक स्लिप होने से महिला की मौत : पीहर से पति के साथ ससुराल जा रही थी विवाहिता

चूरू। दूधवाखारा थाना क्षेत्र के चारणा की ढाणी गांव के पास शुक्रवार देर शाम बाइक स्लिप होने से विवाहिता गंभीर घायल हो गई। महिला को गंभीर हालत में निजी वाहन से डीबी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी से कांन्स्टेबल दयाराम शर्मा इमरजेंसी वार्ड में पहुंचे और महिला का शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। कांन्स्टेबल दयाराम शर्मा ने घटना की सूचना दूधवाखारा पुलिस को दी। शनिवार दोपहर दूधवाखारा पुलिस थाने से हेड कांन्स्टेबल प्रदीप कुमार और राकेश कुमार अस्पताल पहुंचे।
हेड कांन्स्टेबल प्रदीप कुमार ने बताया कि बाडकी निवासी विकास कुमार ने रिपोर्ट दी कि उसकी बहन कविता (32) शुक्रवार को बाडकी आई हुई थी। जो अपने पति पंकज के साथ शुक्रवार देर शाम पीहर बाडकी से ससुराल न्योला गांव जा रही थी। चारणा की ढाणी के पास बाइक स्लिप होने से वह चलती बाइक से नीचे गिर गई। जिसके शरीर पर गंभीर चोट आई है। जिसको गंभीर हालत में डीबी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।