April 27, 2024

पर्यटन विभाग में महिला आर्टिस्ट से छेड़छाड : महिला बोली- अधिकारी कहता था: काम चाहिए तो इज्जत और रुपए देने पड़ेंगे

भरतपुर। भरतपुर के पर्यटन विभाग में एक महिला आर्टिस्ट से छेड़खानी का मामला सामने आया है। महिला ने विभाग के सहायक पर्यटन अधिकारी के खिलाफ मथुरा गेट थाने में भी मामला दर्ज करवाया है। इधर, मामला पर्यटन मंत्री विश्वेंद्र सिंह तक पहुंचा तो उन्होंने जांच के आदेश दिए। इसके बाद शनिवार कोसहायक पर्यटन अधिकारी विशाल माथुर को सस्पेंड भी कर दिया गया है। वहीं इस पूरे मामले की जांच अब विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी करेंगे।
दरअसल, 24 मार्च को पीड़िता (38) की ओर से सहायक पर्यटन अधिकारी विशाल माथुर के खिलाफ छेड़खानी का मामला दर्ज कराय गया था। महिला ने बताया कि वह 20 साल से डिपार्टमेंट में काम कर रही है। वह आर्टिस्ट है और विभाग के कार्यक्रमों में प्रस्तुतियां देती है।
पीड़िता का आरोप है कि विशाल उसे कहता था कि काम चाहिए तो इज्जत और रुपए दोनों देने होंगे। काम को लेकर भी विशाल काफी परेशान कर रहा था। 3 अप्रैल 2022 को सुबह साढ़े 11 बजे वह एक कार्यक्रम का लैटर लेने गई थी। विशाल ने इस दौरान लैटर नहीं दिया और जबरन हाथ पकड़ कर कुर्सी पर बैठा दिया। बदनामी के डर से वह एक साल तक चुप रही। और, उस दिन के बाद से उसे कोई काम भी नहीं मिला।

छेड़छाड़ के दौरान महिला के हाथ में आई चोट
महिला ने बताया कि जब भी वह काम मांगने जाती तो विशाल गंदी-गंदी डिमांड करता था। 14 मार्च 2023 को सारस चौराहे स्थित टूरिज्म ऑफिस पर संजय जौहरी टूरिज्म डायरेक्टर से काम मांगने के लिए गई। तब उन्होंने कहा कि विशाल से बात करनी होगी।
इसके बाद जब वह विशाल के पास गई तो उसने कुछ देर बाद मिलने के लिए कहा। जब वह दोबारा गई तो उसने छेड़खानी शुरू कर दिया। कहने लगा कि इतना काम दूंंगा कि खुश हो जाएगी। इसके बाद उसने मेरा हाथ खींच कर बैठा दिया। इस दौरान हाथ पर भी चोट आ गई।
महिला ने रिपोर्ट में भी बताया कि विशाल काफी गंदी डिमांड करता था। वह दूसरी महिला कलाकारों को भी साथ लाने का कहता था।

मंत्री बोले: इस तरह की चीजें बर्दाश्त नहीं की जाएगी
इधर, ये मामला कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह तक पहुंचा। उन्होंने डिपार्टमेंट को विशाल माथुर को सस्पेंड करने के आदेश दिए। इसके साथ ही जांच कमेटी बनाकर पूरे मामले की पड़ताल के लिए कहा है। मंत्री ने कहा- इस तरह की गलत चीजें किसी भी विभाग में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं मथुरा गेट थाने के सब इंस्पेक्टर पूरन ने बताया कि महिला की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। महिला का आरोप है कि काम के बदले विशाल उससे इज्जत मांगता था। हालांकि इसकी जांच शुरू कर दी गई है।