May 20, 2024

बीकानेर में हनुमान बेनीवाल बोले : राजस्थान की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी आरएलपी, कुछ सीटों पर समझौता हो सकता है
बीकानेर। लोकसभा सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने कहा है कि कांग्रेस व भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए वो इस बार प्रदेश की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। कुछ सीटों पर इन्हीं दो पार्टियों को हराने वाले मजबूत दावेदार के साथ समझौता किया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि अशोक गहलोत व वसुंधरा राजे के कारण प्रदेश का विकास रुका हुआ है। इन दिनों बार-बार बीकानेर यात्रा कर रहे बेनीवाल ने बताया कि बीकानेर की सभी सात सीटों पर लोकतांत्रिक जनता पार्टी चुनाव लड़ेगी। राजस्थान की सभी दो सौ सीटों पर आरएलपी चुनाव लड़ेगी, लेकिन कुछ सीटों पर राजनीतिक दलों से समझौता हो सकता है, जो कांग्रेस व भाजपा को हराने में सहयोग करें।
वसुंधरा व गहलोत पर आरोप
बेनीवाल ने एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर हमला किया। उन्होंने कहा कि जाट, राजपूत और गुर्जर को अपना बताते हुए मुख्यमंत्री बनी वसुंधरा राजे का क्रेज अब खत्म हो गया है। इस बार राजस्थान की जनता उनकी बातों में नहीं आएगी। कांग्रेस सरकार पर हमला करते हुए बेनीवाल ने कहा कि सरकार के मंत्री आपस में विरोध कर रहे हैं। सरकार के खिलाफ हैं तो सत्ता से बाहर आ जाना चाहिए। बेनीवाल ने कहा कि मैं समझौता से बाहर आ गया क्योंकि मैं विरोध में था।
थर्ड फ्रंट से सुधरेगी दशा
बेनीवाल ने दावा किया कि थर्ड फ्रंट ही राजस्थान का भला कर सकता है। राजस्थान के विकास के लिए तीसरे मोर्चे के साथ जनता को जुडऩा चाहिए। दिल्ली की अग्नि पथ का विरोध किया गया, किसान बिलों का विरोध किया, एनडीए के साथ मंत्री पद भी छोड़ा।
कानून व्यवस्था पर सवाल
बेनीवाल ने कहा कि मंगलवार को सीकर में दिनदहाड़े एक बच्चे का अपहरण के मुद्दे पर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट है। उन्होंने यहां तक कहा कि आज बीकानेर में मंत्री के रिश्तेदार बजरी की अवैध रॉयल्टी वसूलने में व्यस्त हैं। अशोक गहलोत खुद की कुर्सी बचाना चाहते हैं तो सचिन पायलट मुख्यमंत्री बनने की लालसा पाले हुए हैं। आम जनता बिगड़ी कानून व्यवस्था से त्रस्त है।