April 27, 2024

पड़ोसी से रंजिश के चलते बनाए पेट्रोल बम, दो महिलाएं गिरफ्तार

श्रीगंगानगर। श्यामनगर स्थित सिकलीगर मोहल्ले से एक मकान से 7 पेट्रोल बम बरामद किए गए। इसके साथ ही पेट्रोल बम बनाने की सामग्री और दो छुरी भी बरामद हुई। इस दौरान 2 महिलाओं को मौके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बुधवार को इस कार्रवाई को अंजाम दिया। ये दोनों महिलाएं पड़ोस के एक परिवार से रंजिश थी। वे उस परिवार पर हमला करना चाहती थी और इसी के चलते उन्होंने घर में ही पेट्रोल बम तैयार कर लिए। समय रहते पुलिस को इसकी जानकारी मिल गई और उन्होंने मौके से पेट्रोल बम सहित महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। दोनों महिलाओं पर पहले भी दर्ज है मामले एसएचओ गोविंदसिंह ने बताया कि पुलिस को श्यामनगर के एक मकान में पेट्रोल बम बनाए जाने की सूचना मिली थी। इस पर श्याम नगर के सिकलीगर मोहल्ले में कार्रवाई की गई। मौके से जसविंद्र कौर उर्फ जस्सी (26) और ऊषा (30) पुत्री अजायब सिंह को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के पास 7 पेट्रोल बम, पेट्रोल बम बनाने की सामग्री, एक तलवार व दो छुरी बरामद की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई केदार लाल को दी है। बम बनाने के काम में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी जसविंद्र पर एक और ऊषा पर 3 मामले पहले ही दर्ज हैं। इनमें मारपीट सहित कई धाराओं में मामले हैं। दोनों आरोपी महिलाओं ने शुरुआती पूछताछ में बताया कि उनकी पड़ोस के परिवार से रंजिश है। ऐसे में उन्होंने पड़ोस के परिवार पर हमला करने की योजना बनाई थी। इसी के लिए ये पेट्रोल बम तैयार किए थे। घटना की जानकारी पुलिस को मिल जाने से आरोपियों पर कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया तथा पेट्रोल बम जब्त कर लिए गए।