May 2, 2024

पबजी के लिए मोबाइल नहीं मिला तो 12वीं के स्टूडेंट ने मां की साड़ी से फंदे लगा किया सुसाइड

जयपुर। पबजी खेलने के लिए मोबाइल नहीं दिलाया तो 12वीं क्लास के स्टूडेंट ने सुसाइड कर लिया। आदित्य कुमार का 13 फरवरी को बर्थडे मनाया गया। उसने अपने पिता से गिफ्ट में मोबाइल मांगा था। पैरेंट्स ने मोबाइल नहीं दिलाया तो वह गुमसुम रहने लगा और बुधवार रात मां की साड़ी का फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली। हालांकि अभी पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
सोडाला थानाधिकारी सतपाल सिंह ने बताया कि 18 साल का आदित्य सीताराम कॉलोनी का रहने वाला था। उसके पिता विजय सिंह ने बताया कि बुधवार रात करीब साढ़े 12 बजे उठे तो आदित्य के कमरे की लाइट जली देखी। झांक कर देखा तो आदित्य फंदे पर झूलता दिखाई दिया। उसके बाद परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर आदित्य को एसएमएस अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर सोडाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। जहां परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

13 फरवरी को बर्थडे पर मांगा था मोबाइल
मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी राजकुमार सिंह ने बताया कि आदित्य को पबजी खेलने का शौक था। पिता ने मोबाइल दिलाने का वादा किया था। बर्थडे पर मोबाइल नहीं मिलने के बाद से ही आदित्य गुमसुम रहने लगा था। पिता विजय सिंह ने बताया कि बुधवार रात को खाना खाकर आदित्य अपने रूम में सोने के लिए चला गया था। देर रात आदित्य ने अपने रूम मे मां की साड़ी से फांसी का फंदा बनाया। फिर पंखे पर झूल गया।

पढ़ाई में होशियार था आदित्य
मृतक आदित्य के पिता विजय सिंह ने बताया कि आदित्य पढ़ने में होशियार था। आदित्य अपने दादा के मोबाइल से ऑनलाइन क्लास लेता था। उसके बाद घंटों पबजी गेम खेलता था। पबजी खेलने पर परिवार के सदस्य आदित्य को आए दिन टोकते थे। पबजी गेम खेलने के जुनून के चलते पिता ने उसे बर्थडे पर मोबाइल नहीं दिलाया। इसी बात से नाराज होकर आदित्य ने सुसाइड कर लिया।