May 2, 2024

शादीशुदा महिला से एएसआई ने 10 साल रेप किया, सस्पेंड : ग्रेड थर्ड टीचर से भी संबंध बनवाए, शादी का झांसा दिया, फिर ब्लैकमेल करने की धमकी दी

बांसवाड़ा। बांसवाड़ा के आनंपुरी थाने के ASI अरविंद पाटीदार (45) को गुरुवार शाम सस्पेंड कर दिया गया। एक 35 वर्षीय महिला से रेप का आरोप है। पीड़िता ने शिकायत दी है कि शादी का झांसा देकर अरविंद पिछले 10 साल से रेप कर रहा था। उसने खुद तो शोषण किया ही, अपने एक साथी प्रकाश पाटीदार के साथ भी संबंध बनवाए। प्रकाश सरकारी टीचर है। SP के आदेश पर कुशलगढ़ पुलिस ने FIR दर्ज की है।
ASI निलंबन अवधि में घाटोल DSP ऑफिस में हाजिरी देगा। आरोपी ASI बांसवाड़ा के रैयाणा का रहने वाला है और शादीशुदा है। उसकी करीब 20 साल पहले शादी हुई थी। पीड़िता हाउस वाइफ है। उसका पति पहले कुवैत रहता था।
अवैध संबंधों की शुरुआत ASI के कुशलगढ़ पुलिस चौकी में तैनात रहते हुए हुई। साल 2011 में महिला और उसके पति के बीच मकान बनाने को लेकर विवाद हुआ था। महिला चौकी गई तो उसकी मुलाकात अरविंद से हुई। जांच के बहाने ASI उसके घर गया। वहां चाय पीते हुए चक्कर खाकर गिरी पीड़िता के साथ अरविंद ने उसका यौन शोषण किया। इसके बाद वह चौकी गई तो पाटीदार ने उसे बर्बाद करने की धमकी दी। बाद में डरी हुई महिला को उसके पति से दूर होने का दबाव बनाया।

ग्रेड थर्ड टीचर को भी साथ जोड़ा
बांसवाड़ा SP को दी रिपोर्ट में पीड़िता ने बताया कि इस बीच उसका पति कुवैत चला गया जो चार साल पहले लौट आया है। पीछे से आरोपी उससे नियमित संबंध बनाता रहा। विश्वास बनाने के बाद आरोपी ASI, ग्रेड थर्ड टीचर प्रकाश पाटीदार के साथ उसे घुमाने ले गया। वहां होटल में दोनों ने उसके साथ संबंध बनाए। इसके बाद से दोनों ही उसका यौन शोषण करते रहे। आरोपी टीचर भी बांसवाड़ा के रैयाणा का रहने वाला है और यहां के आनंदपुरी के सरकारी स्कूल में तैनात है। वह शादीशुदा है। उसके दो बच्चे भी हैं। 10 फरवरी को आरोपी ASI ने उसके घर पर एक अनजान युवक को भिजवाकर बच्चों के सामने उसे धमकियां दिलवाईं। महिला ने ब्लैकमेल करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

वीडियो क्लिप- मैसेज और फोटो भी सौंपे
पीड़िता ने 2011 से 2021 तक आरोपी ASI की ओर से यौन शोषण की बात कही। उसने इन संबंधों को लेकर बांसवाड़ा SP को मैसेज, फोटो प्रतियां और वीडियो क्लिप भी सौंपे हैं। महिला ने आरोपी के पास भी इस तरह की क्लिप होने की बात कहते हुए बाद में ब्लैकमेल करने की बात कही है।

पत्नी बनाने के लिए अजमेर ले गया
पीड़िता ने आरोप लगाया कि लॉकडाउन के दौरान आरोपी ASI उसे पत्नी बनाने और परिवार से मिलाने के नाम पर अजमेर ले गया। वहां उसके मित्र व साथी पुलिस कर्मचारियों से भी उसने पत्नी के तौर पर उसकी पहचान कराई। मौज-मस्ती और धूमने फिरने के बाद पीड़िता ने जब आरोपी पाटीदार से शादी की बात की तो वह भड़क गया। बाद में आरोपी ने होटल के कमरे में उससे मारपीट की। तब अनजान जगह पर होने के कारण महिला ने चुप होने में खुद की भलाई समझी। वापसी में उसने आरोपी से दूरियां बना ली। उसके फोन उठाने भी बंद कर दिए। इसके बाद आरोपी ने घर आकर उसे कहीं का नहीं छोड़ने के लिए धमकाया।

तलाक की नौबत
महिला ने अपने पति के खिलाफ वर्ष 2020 में अदालत में तलाक के लिए फाइल लगाई थी, जिस पर अभी सुनवाई नहीं हो सकी है। दोनों के एक 16 साल का बेटा और 14 साल की बेटी है। एक फाइल पति-पत्नी दोनों ने रजामंदी से अदालत में लगाई हुई है। महिला वर्तमान में सास-ससुर से दूर दोनों बच्चों को लेकर रहती है, जबकि कुवैत से लौटे पति ने कुशलगढ़ में ही एक कारीगरी की दुकान खोल रखी है। पति वहां अकेला रहता है। इस मामले को लेकर कुशलगढ़ DSP मौके पर पहुंचे हैं, जिन्हें महिला के घर पर ताला लगा मिला। पति भी दुकान बंद कर गायब है।

कुशलगढ़ DSP करेंगे जांच
बांसवाड़ा SP राजेश कुमार मीणा ने बताया कि महिला से शिकायत मिली है। कुशलगढ़ थाने को FIR दर्ज करने को कहा है। DSP कुशलगढ़ मामले की जांच करेंगे। आरोपी ASI का तत्काल निलंबन कर उसे घाटोल DSP कार्यालय में उपस्थिति देने के आदेश दिए हैं।