May 17, 2024

बारात नहीं आई तो लड़की खुद लड़के के घर पहुंची : बोली- अब तो लड़के से मिलकर ही जाऊंगी, 11 लाख कैश नहीं दिए थे तो शादी तोड़ दी थी

भरतपुर। दहेज की मांग पूरी नहीं हुई तो शादी के मंडप में आर्मी मैन दूल्हा रात 2 बजे तक नहीं पहुंचा। शादी टूट गई, लेकिन दुल्हन का हौसला नहीं टूटा। सोमवार को युवती लड़के के घर पहुंची और धरने पर बैठ गई। लड़के वालों ने कहा कि लड़के के सीने में दर्द हुआ था, इसलिए शादी टाल दी थी, अस्पताल में भर्ती कराया है। युवती ने कहा कि लड़का अगर भर्ती है तो मुझे उससे मिलने दो। मामला भरतपुर शहर के मथुरा गेट थाना इलाके का है।

दरअसल, शहर के हाउसिंग बोर्ड इलाके की रहने वाली खुशबू की शादी प्रिंस नगर के रहने वाले आर्मी मैन लड़के कौशल से तय हुई थी। 4 मार्च की शादी थी। आरोप है कि लड़के वालों ने बारात लाने से पहले लड़की वालों से 11 लाख रुपए की डिमांड की। लड़की के पिता महेश ने पैसे देने से मना कर दिया तो लड़के वाले बारात लेकर नहीं आए। लड़की पक्ष के लोग रात 2 बजे तक बारात का इंतजार करते रहे। इसके बाद लड़की के पिता ने मथुरा गेट थाने में लड़के वालों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था।

लड़की ने आज दिया लड़के घर धरना
घर के बाहर खुशबू धरने पर बैठी तो लड़के का परिवार घबरा गया। घर वालों ने अंदर से गेट पर ताला लगा लिया। लड़की काफी देर तक लड़के को आवाज देती रही। इसके बाद भी लड़के की मां ने ताला नहीं खोला। युवती को लड़के के घर के बाहर खड़ा देख आसपास के लोग भी इकट्ठे हो गए। आसपास के लोग लड़की को बुरा भला कहने लगे। उसकी पिटाई तक करने को उतारू हो गए।

लड़के से मिलने की जिद
लड़की के पिता ने लड़के के पिता से बारात न आने का कारण पूछा तो उन्होंने बताया था कि लड़का अस्पताल में भर्ती है। इसलिए वह बारात नहीं लेकर आए थे। आज लड़की लड़के के घर पहुंची और उसने यही पूछा कि लड़का एडमिट है तो उसे लड़के से मिलना है। वह उससे बिना मिले घर के सामने से नहीं हटेगी। उसे पुलिस ने काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन खुशबू अपनी जिद पर अड़ी है। युवती का धरना इसके बाद भी जारी है।

महिलाओं ने की कहासुनी
जब लड़की गेट पर बैठी थी तो आसपास की महिलाएं और अन्य लोग उससे कहासुनी करने लगे। कॉलोनी के लोग उससे उलझ गए। लड़की ने कंट्रोल रूम पर फोन कर पुलिस को बुलाया, लेकिन पुलिसकर्मी भी आसपास के लोगों को समझाने की बजाए लड़की को घर जाने की सलाह देते रहे। लड़की का कहना है कि जब तक वह लड़के से नहीं मिल लेती तब तक वह घर नहीं जाएगी।

क्या था पूरा मामला
खुशबू की शादी 4 मार्च को कौशल से होनी थी। शादी से पहले खुशबू के पिता ने कौशल के घर वालों को 18 लाख रुपए कैश, सोने चांदी के गहने, सारी जरूरत का सामान और एक प्लॉट दिया था। 4 मार्च को लगन और शादी के दिन लड़के के परिजनों ने 11 लाख रुपए की मांग रख दी। कहा- बारात तभी आएगी जब पैसे मिलेंगे। लड़की के पिता ने पैसे का इंतजाम होने से मना कर दिया। जिसके बाद लड़के वाले बारात लेकर नहीं पहुंचे।लड़की के पिता ने काफी मिन्नतें कीं, गिड़गिड़ाए, लेकिन वह दहेज की जिद पर अड़े रहे और यह कह कर पल्ला झाड़ लिया कि लड़के के सीने में अचानक दर्द उठा था इसलिए उसे मथुरा में एडमिट करा दिया है। इसलिए वे बारात लेकर नहीं आए। खुशबू बीए कर चुकी है। फिलहाल वह एसटीसी कर रही है।