May 17, 2024

चुनावी रंजिश में सरपंच ने 3 भाईयों पर फायरिंग की, एक के कंधे पर गोली लगी, 2 को लाठी-फरसों से पीट-पीटकर अधमरा किया

भरतपुर। चुनावी रंजिश में भरतपुर में तीन सगे भाइयों पर गोलियां चला दी गईं। एक भाई के कंधे में गोली गली। बाकी दो छुप गए तो बदमाशों ने उन्हें ढूंढ कर लाठी-फरसों से हमला कर दिया। दोनों के हाथ-पैर तोड़ दिए। घटना भरतपुर के लखनपुर थाना इलाके के लखनपुर गांव में गुरुवार रात 8 बजे हुई।

लखनपुर थाना इंचार्ज जीतेंद्र चौधरी ने बताया- थाना इलाके के गांव मई-लखनपुर निवासी तीन भाईयों मोरध्वज जाटव (42), श्याम सिंह (38) और सुरेंद्र (27) पर गांव के सरपंच खूबीराम जाट पक्ष ने हमला कर दिया। आरोप है कि लखनपुर गांव में आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया और फायरिंग कर दी। हमले में मोरध्वज के कंधे में गोली लग गई। श्याम और सुरेंद्र बचकर छुप गए तो बदमाशों ने उन्हें ढूंढकर उन पर लाठी-डंडों और फरसों से हमला कर दिया।

तीनों को भरतपुर के आरबीएम हॉस्पिटल लाया गया। यहां सभी का उपचार किया जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

तीनों पीड़ितों के चौथे भाई बहादुर जाटव ने बताया- मई-लखनपुर गांव का सरपंच खूबीराम जाट हम लोगों से चुनावी रंजिश रखता है। पिछले ग्राम पंचायत के चुनाव में मैंने मेरे गांव मई-लखनपुर से पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ा था। मैं वार्ड 5 से पंचायत समिति सदस्य का चुनाव जीत भी गया।

खूबीराम नहीं चाहता था कि मैं चुनाव लड़ूं। रिजल्ट आने के बाद से वह हम लोगों से रंजिश रखने लगा। 2023 में भी खूबीराम पक्ष ने मेरे साथ मारपीट की थी।

बहादुर ने बताया- गुरुवार को तीनों भाई भरतपुर के हलैना थाना इलाके के भजेरा गांव में एक मकान पर पटाव चढ़ाने (कंस्ट्रक्शन का काम) गए थे। तीनों भाई मजदूरी करते हैं। वहां से शाम को तीनों साथ में भजेरा से मई-लखनपुर लौट रहे थे। रात 8 बजे के करीब घर से 8 किलोमीटर पहले लखनपुर गांव में हथियारबंद खूबीराम सरपंच, उसके बेटे विश्वेंद्र और अन्य लोगों ने रास्ते में उन्हें घेर लिया और अंधाधुन फायरिंग कर दी। एक गोली मोरध्वज को लगी। वह सड़क पर गिर गया। श्याम सिंह और सुरेंद्र गोलियों से बचने के लिए छुप गए।

इसके बाद खूबीराम ने अपने साथियों के साथ धारदार हथियार और लाठी डंडों से श्याम सिंह और सुरेंद्र पर हमला कर दिया। घटना में श्याम सिंह और सुरेंद्र के हाथ पैर टूट गए। वहां से निकल रहे लोगों ने घर आकर सूचना दी।

जब तक घर के लोग मौके पर पहुंचे तब तक आरोपी फरार हो गए। इसके बाद घटना कि सूचना लखनपुर थाना पुलिस को दी गई। तुरंत एम्बुलेंस को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद तीनों भाइयों को आरबीएम अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस रात 9 बजे गांव में पहुंची।